मुरैना में बुलेट की तलाश में खुला चोरी का राज; पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरफ्तार कर सात बाइक की बरामद
Bullet Bike Theft Morena: मुरैना में बड़ी सफलता, कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर वाहन चोर हरिओम गुर्जर को दबोचा, खंडहरों से बुलेट सहित 7 चोरी की बाइकें बरामद।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश (सोर्स- सोशल मीडिया)
Morena Bike Theft Racket Exposed: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। शहर से चोरी हुई रॉयल एनफील्ड बुलेट की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल सात चोरी की बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अलग-अलग क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखता था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक करीब 20 दिन पहले मुरैना शहर से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी हुई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान एएसआई किशन सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चोरी की गई बुलेट वीआईपी रोड की ओर जाती दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने सैंपऊ थाना क्षेत्र के पंछीपुरा निवासी हरेंद्र उर्फ हरिओम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बुलेट चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
सम्बंधित ख़बरें
सागर में शादी के बाद ससुराल भी नहीं पहुंच सकी दुल्हन; बारात से लौट रही कार का हादसा बना जिंदगी का आखिरी सफर
उज्जैन को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान; CM मोहन यादव करेंगे 1266 करोड़ के पेप्सिको प्लांट का शुभारंभ
ज्योतिरादित्य सिंधिया का 4 दिवसीय गुना प्रवास; लगभग ₹350 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
सीहोर जिला अस्पताल में सरेआम गुंडागर्दी, सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल; जमकर चलीं लाठियां
जर्जर आवासों में छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइक
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस वीआईपी रोड स्थित सुनसान और जर्जर आवासों तक पहुंची। तलाशी के दौरान वहां से कुल सात चोरी की बाइक बरामद की गईं। बरामद वाहनों में एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, हीरो एचएफ डीलक्स, होंडा सीडी, दो हीरो स्प्लेंडर, एक अन्य डीलक्स और एक टीवीएस प्लेटिना शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के वाहनों को कुछ समय तक इन सुनसान मकानों में छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
अन्य मामलों की भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार हरेंद्र उर्फ हरिओम गुर्जर एक शातिर वाहन चोर है और लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरामद सभी बाइकों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन थाना क्षेत्रों से चोरी हुई थीं।
यह भी पढ़ें: सागर में शादी के बाद ससुराल भी नहीं पहुंच सकी दुल्हन; बारात से लौट रही कार का हादसा बना जिंदगी का आखिरी सफर
पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य साथियों और वाहन चोरी के संभावित नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कई और वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं।
