सागर में शादी के बाद ससुराल भी नहीं पहुंच सकी दुल्हन; बारात से लौट रही कार का हादसा बना जिंदगी का आखिरी सफर

Road Accident In Sagar: सागर के खुरई में मातम, शादी के बाद लौट रही बारात की कार दुर्घटना में घायल दुल्हन पूजा कुशवाहा ने तोड़ा दम, हादसे में चालक सुरेंद्र की पहले ही हो चुकी है मौत।
A tragic road accident in Sagar claimed lives as a car carrying wedding guests met with a fatal crash while returning from the marriage ceremony
सागर सड़क हादसे में युवती की मौत (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Sagar Car Accident: मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। जिस दुल्हन ने नई जिंदगी की शुरुआत के सपने संजोए थे, उसे शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि शादी के बाद का पहला सफर ही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई दुल्हन पूजा कुशवाहा ने पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सागर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

टीहर चौराहे के पास हुई थी भीषण टक्कर

यह दर्दनाक हादसा सागर जिले के खुरई बायपास रोड स्थित टीहर चौराहे के पास हुआ था। जानकारी के अनुसार, बीना के बेसरा गांव से बारात खुरई के तोड़ा काछी गांव लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बारात की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस सड़क हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी का गेट तोड़कर बाहर निकाला।

चालक की पहले ही हो चुकी थी मौत

दुर्घटना में बारात की कार चला रहे चालक सुरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दूल्हा, दुल्हन, छह बाराती और दूसरी कार का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने पूजा कुशवाहा को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस घर में नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जिस बेटी को परिवार ने खुशी-खुशी विदा किया था, उसकी असमय मौत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

https://youtu.be/AclS2gJ_Xdk?si=o-74GH0Kq10kMRfK

Navbharat Live
navbharatlive.com