मुरैना में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, 15 मिनट में तीन जगह ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद वारदात

Councilor House Firing: मुरैना में नकाबपोश बदमाशों ने 15 मिनट में पार्षद के घर, शराब ठेकेदार के मकान और शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पूरी वारदात CCTV में कैद, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Morena Firing News
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Morena Firing News : मुरैना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। रविवार शाम दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने महज 15 मिनट के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने पहले आबकारी ठेकेदार के घर, फिर वार्ड-10 की पार्षद के घर और इसके बाद धौलपुर रोड स्थित शराब ठेके को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जौरी इलाके की है। रविवार शाम दो नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे। एक के हाथ में कट्टा और दूसरे के पास रायफल थी। आरोपियों ने सबसे पहले आबकारी ठेकेदार सुरेश उपाध्याय के घर पर चार से पांच राउंड फायरिंग की। इसके बाद पास ही स्थित वार्ड-10 की पार्षद प्रेमवती उपाध्याय के घर पर भी दो से तीन राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।

6-7 राउंड फायरिंग की

घरों पर फायरिंग करने के कुछ ही देर बाद बदमाश धौलपुर रोड स्थित आरटीओ चेकपोस्ट के सामने शराब ठेके पर पहुंचे, जहां उन्होंने छह से सात राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही ठेके पर मौजूद ग्राहक और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ठेकेदार ने की थी अवैध शराब बिक्री की शिकायत

शराब ठेकेदार सुरेश उपाध्याय ने मुरैना पुलिस को बताया कि उन्होंने निवी गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत की थी। इसके बाद उनके एक कर्मचारी के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते घर और शराब ठेके पर फायरिंग कराई गई है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com