वीआईपी रोड पर पेड़ कटाई विवाद, नागपुर मनपा के निशाने पर होर्डिंग कंपनी; स्थानीय लोगों का विरोध

Nagpur Illegal Tree Cutting: VIP रोड पर होर्डिंग को अधिक दिखाई देने योग्य बनाने के लिए कथित रूप से पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया। मनपा अब संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विचार कर रही हैं।
Tree cutting dispute on VIP Road, hoarding company on target of Nagpur Municipal Corporation; opposition from local people
अवैध पेड़ कटाई, होर्डिंग विवाद, वीआईपी रोड, मनपा कार्रवाई, (सोर्स: सौजन्य AI)
Published on
Updated on

Nagpur NMC Action Environmental Violation: नागपुर मनपा में लंबे समय से अवैध होर्डिंग्स को लेकर चल रही बहस के बीच लगातार होर्डिंग्स कंपनियों की दादागिरी उजागर हो रही है। इसी तरह का एक उदाहरण उस समय उजागर हुआ जब होर्डिंग्स को दर्शनीय बनाने के लिए कंपनी ने बीच में आ रहे पेड़ों को ही अवैध रूप से काट दिया जिसका हश्र यह हुआ कि अब कंपनी के ब्लैक लिस्ट होने की नौबत आ गई है।

बताया जाता है कि मेसर्स स्विफ्ट इंटरमीडिया कन्वर्जेन्स प्राइवेट लि नामक होर्डिंग्स कंपनी ने वीआईपी रोड पर होर्डिंग्स लगाने के लिए मनपा से मंजूरी प्राप्त की थी। कंपनी द्वारा पीकेवी की जमीन पर होर्डिंग्स लगाए गए। मनपा की ओर से होर्डिंग्स लगाने की अनुमति प्रदान की गई थी किंतु हाल ही में अब इस कंपनी द्वारा होर्डिंग्स के सामने आ रहे पेड़ों के काटने की घटना उजागर हुई जिसके लिए स्थानिय लोगों की ओर से इसके खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया।

शर्तों का उल्लंघन हुआ

बताया जाता है कि होर्डिंग्स लगाने के लिए अनुमति देते समय मनपा की ओर से कुछ नियम और शर्तें लगाई जाती हैं जिसके अनुसार पेड़ों की कटाई करने पर पाबंदी है किंतु इस शर्त का उल्लंघन कर कंपनी की ओर से कई पेड़ों की कटाई कर दी गई। बिना अनुमति पेड़ों की कटाई होने तथा स्थानीय और सामाजिक संगठन की ओर से इसके खिलाफ प्रदर्शन किए जाने के बाद तुरंत ही नागपुर मनपा हरकत में आई।

आनन-फानन में गार्डन विभाग को इस तरह से पेड़ कटाई के लिए होर्डिंग्स कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। बताया जाता है कि एफआईआर दर्ज होते ही मनपा की ओर से कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सम्पत्ति दायरे से बाहर के होर्डिंग्स पर भी गाज

बताया जाता है कि एक ओर जहां नियम और शर्तों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने की मनपा ने ठान ली है वहीं दूसरी ओर नियमों को ताक पर रखकर होर्डिंग्स लगाने वाली कंपनियों पर भी गाज गिरने की जानकारी सूत्रों ने दी। हाल ही में हुई मनपा की सभा में भाजपा के वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व स्थायी समिति सभापति पिंटू झलके ने अवैध होर्डिंग्स का मुद्दा सदन में उठाया था जिसमें विशेष रूप से सम्पत्ति (प्लॉट) के दायरे के बाहर तक होर्डिंग्स लगाए जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई गई थी।

यहां तक कि जवाब में पसेंटाइलासन की ओर से यह पूरी तरह से अवैध होने की पुष्टि सदन में की गई थी।

पार्षद सदस्य और प्रशासन के एक सुर के बाद महापौर ने ऐसे होर्डिंग्स पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बताया जाता है कि इस तरह के होर्डिंग्स को लेकर अब मनपा की ओर से नोटिस जारी किए जा रहे हैं जिनके खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com