अधिक मास में ओंकारेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें
Omkareshwar Jyotirlinga Darshan: अधिक मास पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नर्मदा स्नान और भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
- Reported By: नितिन झवर | Edited By: प्रीतेश जैन
ओंकारेश्वर में श्रद्धालु (फोटो सोर्स- नवभारत)
Omkareshwar Adhik Maas Crowd: अधिक मास के पावन अवसर पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक मान्यताओं के चलते मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थ नगरी पहुंच रहे हैं। रविवार से ही यहां भक्तों का जमावड़ा शुरू हो गया था, जबकि सोमवार को दर्शनार्थियों की संख्या में और अधिक वृद्धि देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर परिसर, घाटों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं।
भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें छह मंजिला रैंप से लेकर कोटितीर्थ घाट तक पहुंच गईं। भक्तजन अपनी बारी का इंतजार करते हुए “हर-हर महादेव” और “ओम नमः शिवाय” के जयघोष लगाते नजर आए। मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने ओंकारेश्वर मंदिर भगवान शिव के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने पवित्र नर्मदा नदी में स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। सुबह के समय घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। कई परिवारों और धार्मिक मंडलों ने सामूहिक रूप से पूजन और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया। नर्मदा तट पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां संचालित होती रहीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
सम्बंधित ख़बरें
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में लागू होगा अनोखा ग्रेडिंग सिस्टम, 22 मानकों पर हर महीने होगी थाना प्रभारियों की परफॉर
सहकारिता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत, सीएम मोहन यादव बोले– किसानों को मिलेगा तकनीक और पारदर्शिता का लाभ
भोपाल में सदानीरा समागम: विदेशों तक जल संरक्षण पर मध्यप्रदेश मॉडल की गूंज, 6 देशों के राजनयिकों ने की सराहना
MP-Maharashtra New Highway: 944 करोड़ का फोर लेन हाईवे NH-753L बनकर तैयार! जानें किसे मिलेगा फायदा
शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ है अधिक मास
धार्मिक मान्यता के अनुसार अधिक मास को भगवान विष्णु और शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दौरान किए गए जप, तप, दान, स्नान और पूजा का विशेष फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि अधिक मास में ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस अवधि में मां नर्मदा में स्नान और भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
जिला प्रशासन ने की व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है, वहीं पुलिस बल भी प्रमुख स्थानों पर मुस्तैदी से तैनात है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें : MP Rajya Sabha Election: महेश केवट पर भाजपा का बड़ा दांव, राज्यसभा की तीसरी सीट पर मुकाबला हुआ रोचक
श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना
अधिक मास के दौरान ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने अतिरिक्त तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। धार्मिक आस्था के इस महासंगम के बीच तीर्थ नगरी में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। ओंकारेश्वर में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का यह सैलाब अधिक मास के धार्मिक महत्व और भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाता है।
