खंडवा: मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर वार्ड 7 के रहवासियों का प्रदर्शन, सड़क जाम कर जताया विरोध
Khandwa News: वार्ड 7 में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर रहवासियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
- Reported By: नितिन झवर | Edited By: प्रीतेश जैन
प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Khandwa Ward 7 Protest : खंडवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 7 संत विनोबा भावे वार्ड के रामनगर शिवराज मल्टी क्षेत्र के रहवासियों ने रविवार को मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक उर्फ बल्लू राठौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग रामनगर चौराहे पर एकत्रित हुए और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का कहना था कि लंबे समय से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इसी से नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रशासन के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद वार्डवासियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई। मौके पर पहुंचे नगर निगम कर्मचारियों ने लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
सम्बंधित ख़बरें
Morena News: बारिश में डूबा जोरा बाजार, जलभराव के बीच विधायक पंकज उपाध्याय ने CMO को फोन पर लगाई फटकार
BHOPAL: गुफा मंदिर परिसर में 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, बनेगा आधुनिक मानस भवन और गौशाला
छतरपुर:आकाशीय बिजली से महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
Indore News: पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव का राहुल गांधी को खुला पत्र, पार्टी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
ज्ञापन में उठाईं कई प्रमुख मांगें
रहवासियों ने ज्ञापन में जर्जर सड़कों और नालियों का निर्माण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, नियमित साफ-सफाई और प्रतिदिन कचरा वाहन भेजने की मांग की। इसके अलावा शिवराज मल्टी में संचालित कथित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, वार्ड के पास स्थित शराब दुकान को हटाने तथा स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का समाधान करने की भी मांग उठाई गई।
ये भी पढ़ें : ग्वालियर: युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, कहा- दिल्ली में बैठे शहंशाह छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं कर सकते
आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर चक्का जाम और उग्र आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं और अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहते हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, स्थानीय नागरिक और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
