Morena News: बारिश में डूबा जोरा बाजार, जलभराव के बीच विधायक पंकज उपाध्याय ने CMO को फोन पर लगाई फटकार
MLA Pankaj Upadhyay : मुरैना के जोरा नगर में बारिश के बाद जलभराव से नाराज विधायक पंकज उपाध्याय ने सड़क पर खड़े होकर CMO को फोन पर फटकार लगाई। प्रशासन ने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
जलभराव पर फूटा विधायक का गुस्सा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Joura Waterlogging News : मुरैना जिले के जोरा नगर में रविवार को हुई बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। पहली ही तेज बारिश के बाद मुख्य बाजार, कई सड़कें और वार्डों की गलियां पानी में डूब गईं। जलभराव के कारण लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय विधायक पंकज उपाध्याय मौके पर पहुंचे और सड़क पर भरे पानी के बीच खड़े होकर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) वीरेंद्र रावत को फोन पर खरी-खोटी सुनाई।
बताया जा रहा है कि मई वाले कुएं से लेकर पुराने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर तक सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण दुकानदारों का काम प्रभावित हुआ, जबकि राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यह स्थिति बनती है, लेकिन नगर पालिका स्थायी समाधान नहीं कर पा रही है।
मौके पर पहुंचे विधायक, CMO पर जताई नाराजगी
जलभराव की सूचना मिलने पर विधायक पंकज उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर भरे पानी के बीच खड़े होकर एसडीएम शुभम शर्मा और नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र रावत को फोन लगाया। सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंच गए और समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया। हालांकि सीएमओ मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे विधायक नाराज हो गए। उन्होंने फोन पर ही कहा कि जब एसडीएम मौके पर आ सकते हैं तो सीएमओ का मौके पर नहीं पहुंचना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है।
सम्बंधित ख़बरें
BHOPAL: गुफा मंदिर परिसर में 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, बनेगा आधुनिक मानस भवन और गौशाला
छतरपुर:आकाशीय बिजली से महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
Indore News: पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव का राहुल गांधी को खुला पत्र, पार्टी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
BSNL अधिकारी की सड़क हादसे में मौत के 3 साल बाद परिवार को मिला इंसाफ, कोर्ट ने दिलाया 1.41 करोड़ का मुआवजा
नगर पालिका को दी आंदोलन की चेतावनी
विधायक पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि नगर पालिका शहर की मूल समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जोरा नगर और अन्य वार्डों में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर पालिका के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सफाई व्यवस्था पर भी उठे सवाल
कुछ देर बाद नगर पालिका के सफाई दरोगा महेश त्यागी और कर्मचारी नीरज गौड़ मौके पर पहुंचे। विधायक ने उनसे भी नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर की अधिकांश नालियां गाद और कचरे से भरी हुई हैं, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उन्होंने तत्काल सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें : ‘अंतरात्मा की आवाज’ साइकिल यात्रा लेकर चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे जीतू पटवारी, भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा
प्रशासन ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन
एसडीएम शुभम शर्मा ने कहा कि नगर में जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं सीएमओ वीरेंद्र रावत का कहना है कि घटना के समय वे सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में व्यस्त थे। फिलहाल नगर पालिका जल निकासी की व्यवस्था सुधारने का दावा कर रही है, लेकिन स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
