जबलपुर: निदान फॉल में अचानक बढ़ा जलस्तर, 30 फीट गहरे कुंड में फंसे दो युवकों का 3 घंटे बाद सफल रेस्क्यू
Two Youths Trapped Waterfall: कटंगी स्थित निदान वाटर फॉल में अचानक जलस्तर बढ़ने से 30 फीट गहरे कुंड की चट्टान पर दो युवक फंस गए। एसडीईआरएफ, पुलिस और वन विभाग की टीम ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
- Reported By: पवन पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
निदान वाटरफॉल (फोटो सोर्स- नवभारत)
Jabalpur Nidan Waterfall Rescue : जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल निदान वाटर फॉल में बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने से दो युवक करीब 30 फीट गहरे कुंड के बीच स्थित चट्टान पर फंस गए। दोनों लगभग तीन घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे, लेकिन जलस्तर लगातार बढ़ता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग और बाद में एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार अधारताल थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी हर्ष शुक्ला और आर्यन बर्मन निदान वाटर फॉल घूमने पहुंचे थे। दोनों युवक वाटर फॉल के नीचे स्थित कुंड तक चले गए। इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते शाम होते-होते फॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि दोनों युवक वापस किनारे पर नहीं आ सके और बीच में स्थित एक चट्टान पर फंस गए।
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना को देख वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती स्तर पर दोनों युवकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए, लेकिन तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू करना संभव नहीं हो पाया। स्थिति को देखते हुए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
जबलपुर के सूपाताल तालाब में तैरता मिला लापता अमर सिंह का शव; परिजनों ने तीन दोस्तों पर लगाया मर्डर का आरोप
सीहोर में आशा कार्यकर्ताओं का हंगामा! भोपाल-इंदौर रोड जाम, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन। देखें VIDEO
नगर निगम में ज्ञापन देने पहुची कांग्रेस अपनी ही नेता प्रतिपक्ष के होर्डिंग पर घिरी, बीजेपी ने उठाये सवाल
दतिया उपचुनाव: भाजपा से नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी मजबूत, कांग्रेस शोभा भारती पर खेल सकती है सहानुभूति कार्ड
3 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला
देर शाम एसडीईआरएफ के प्रशिक्षित जवान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जोखिम भरे हालात के बीच करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। राहत की बात यह रही कि दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
ये भी पढ़ें : प्रमोशन में आरक्षण: 7 जुलाई को MP हाईकोर्ट में अहम सुनवाई, लाखों कर्मचारियों की बढ़ीं उम्मीदें
लोगों से सावधान रहने की अपील
घटना के बाद प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले, झरनों और वाटर फॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें। लगातार बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे कुछ ही मिनटों में सामान्य स्थिति जानलेवा बन जाती है। प्रशासन द्वारा ऐसे स्थानों पर बार-बार चेतावनी जारी की जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर प्रतिबंधित या खतरनाक क्षेत्रों में चले जाते हैं। इससे न केवल उनकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि उन्हें बचाने वाले रेस्क्यू दल के जवानों को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
