दतिया उपचुनाव: जिला कांग्रेस की मीटिंग में बनी रणनीति, पूर्व मंत्री बोले- कार्यकर्ताओं के दम पर जीतेगी पार्टी
Datia By Election 2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में पूर्व मंत्री सचिन यादव ने कार्यकर्ताओं से जीत का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
दतिया कांग्रेस की मीटिंग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Datia Congress Meeting : दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विधानसभा उपचुनाव प्रभारी एवं सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा तथा विधायक दिनेश गुर्जर भी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सचिन यादव ने कहा कि दतिया विधानसभा का उपचुनाव जनता पर थोपा गया चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है और वर्ष 2023 की तरह इस बार भी दतिया की जनता अहंकार का अंत करते हुए कांग्रेस को जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटा है और जनता के आशीर्वाद से पार्टी उपचुनाव में विजय हासिल करेगी।
भाजपा को हराने की मन बना चुकी है जनता
विधानसभा उपचुनाव प्रभारी एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि दतिया की जनता अमन, चैन और शांति के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पूर्व मंत्री को लेकर जनता में अब भी नाराजगी बनी हुई है और मतदाता इस बार भी भाजपा को हराने का मन बना चुके हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नर्मदापुरम : इटारसी में चलती ट्रेन पर चढ़ा युवक ओएचई लाइन की चपेट में आया, 70 फीसदी झुलसा, जिला अस्पताल रेफर
ब्राउन शुगर मामले में पूछताछ के बाद नाना पटवारी को छोड़ा, लेकिन जांच जारी, जरूरत पड़ने पर फिर बुलाएगी पुलिस
दतिया उपचुनाव: समर्थकों के साथ दामोदर सिंह यादव ने भरा नामांकन, बोले- ‘भय और भ्रष्टाचार मुक्त दतिया बनाएंगे’
दतिया उपचुनाव: पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; 3,600 लीटर लहान मौके पर नष्ट
भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं
विधायक दिनेश गुर्जर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में यूरिया और डीएपी खाद की कमी बनी हुई है, जिससे किसान महंगी दरों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में विफल रही है।
ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: समर्थकों के साथ दामोदर सिंह यादव ने भरा नामांकन, बोले- ‘भय और भ्रष्टाचार मुक्त दतिया बनाएंगे’
बैठक में तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आगामी दतिया उपचुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से कांग्रेस दतिया उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
