

Datia By Election Nomination: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले शहर में निकाले गए विशाल जुलूस ने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया।
दामोदर सिंह यादव का काफिला पार्टी के झंडे-बैनर और नारों के बीच न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, महिला और पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में दामोदर सिंह यादव ने कहा कि आजाद समाज पार्टी दतिया में भय, दबाव और भ्रष्टाचार की राजनीति को समाप्त करने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़त बनाई है। साथ ही जानकारी दी कि 11 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की पहली चुनावी सभा दतिया में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस दौरान दामोदर सिंह यादव ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत रखने में असफल रही है, जबकि भाजपा में भी टिकट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से दतिया में भय और भ्रष्टाचार की राजनीति हावी रही है, लेकिन अब जनता बदलाव के लिए तैयार है।
आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी ने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन से उनकी पार्टी दतिया में एक नई राजनीतिक दिशा देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो क्षेत्र में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित व्यवस्था स्थापित की जाएगी।
दामोदर सिंह यादव के नामांकन के साथ ही दतिया विधानसभा उपचुनाव का चुनावी मुकाबला और रोचक होता नजर आ रहा है। अब सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की निगाहें आगामी चुनावी सभाओं, जनसंपर्क अभियानों और मतदाताओं को साधने की रणनीति पर टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है।