मध्य प्रदेश में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' का शंखनाद, 29 अगस्त को बालाघाट से होगी शुरुआत

CM Mohan Yadav News : मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को बालाघाट से होगी। CM मोहन यादव जनसमस्याएं सुनेंगे, जबकि प्रदेशभर में छात्रावासों और आश्रमों का निरीक्षण होगा।
Chief Minister Mohan Yadav
मुख्यमंत्री मोहन यादव(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mukhyamantri Jan Vishwas Abhiyan MP : मध्य प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करने के लिए नया अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' चलाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य आयोजन 29 अगस्त 2026 को बालाघाट जिले में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं कार्यक्रम में शामिल होंगे और आमजन से सीधा संवाद करेंगे। शासन ने निर्देश दिए हैं कि इसी दिन प्रदेश के अन्य सभी जिलों में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि जनसमस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं की समीक्षा का काम एक साथ किया जा सके।

CM के सामने रखी जाएंगी चिन्हित शिकायतें

बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतों को मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने रखा जाएगा। इन मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ चर्चा कर समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन समस्याओं को प्राथमिकता देना है, जिनका लंबे समय से समाधान नहीं हो सका है या जिनके लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों पर होगा संवाद

अभियान के दौरान स्थानीय स्तर की जनसमस्याओं, विकास कार्यों और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर संबंधित पक्षों से सीधा संवाद किया जाएगा। शासन की योजना के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसमें मीडिया और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी स्थानीय विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।

छात्रावासों और आश्रमों का निरीक्षण अनिवार्य

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में शासकीय आवासीय संस्थाओं के निरीक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अधिकारियों को आवासीय विद्यालयों, आश्रमों और छात्रावासों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। वे यहां रहने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं से सीधे चर्चा कर उनकी बुनियादी सुविधाओं, समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे।

औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत जानेंगे अधिकारी

शासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान अधिकारियों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करना होगा। छात्रावासों और आश्रमों में औचक निरीक्षण के दौरान भोजन, आवास, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी जाएगी। सामने आने वाली कमियों और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई करनी होगी।

Chief Minister Mohan Yadav
कर्नल सोफिया विवाद में विजय शाह पर मुकदमे की मंजूरी नहीं, एमपी सरकार के फैसले पर सियासत तेज

जनता के द्वार तक पहुंचेगा प्रशासन

राज्य सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। सरकार चाहती है कि लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो और प्रशासनिक अधिकारी जमीनी स्तर पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति को समझें। 29 अगस्त से शुरू होने वाला मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रदेशभर में जनसुनवाई, निरीक्षण और सीधा संवाद का बड़ा माध्यम बन सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com