CM मोहन यादव का ऐलान: 9 अगस्त को भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा, सांदीपनि विद्यालयों में बनेंगे खेल परिसर
CM Mohan Yadav : CM मोहन यादव ने 9 अगस्त को भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की। खिलाड़ियों के पोषण, प्रशिक्षण और सांदीपनि विद्यालयों में खेल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
MP Tiranga Yatra: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में युवाओं और नागरिकों की भागीदारी से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आजादी के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देगी। मुख्यमंत्री सोमवार को राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और मैदानी गतिविधियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के पोषण, आधुनिक प्रशिक्षण और नई तकनीकों के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि, शासकीय सेवा में नियुक्ति और पुरस्कार संबंधी नियम जल्द तय किए जाएं। साथ ही प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए।
सांदीपनि विद्यालयों में बनेंगे खेल परिसर
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इन परिसरों में खेल विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और युवा आयोग के समन्वय से आधुनिक खेल परिसर विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सबसे बड़ी नर्सरी हैं, इसलिए खेल सुविधाओं का विस्तार वहीं से शुरू होना चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया उपचुनाव: 10वें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 10,842 वोट पहुंची, भोपाल कांग्रेस कार्यालय में जश्न शुरू
पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
दतिया उपचुनाव: 8वें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 6.5 हजार के पार, घनश्याम सिंह बोले- 15 हजार वोटों से जीतूंगा
दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा बोले- आखिर में भाजपा ही जीतेगी, सातवें राउंड के बाद कांग्रेस 3,295 वोट से आगे
खेल अधोसंरचना के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर खेल परिसर, स्टेडियम या अन्य खेल अधोसंरचना के लिए भूमि आवंटन लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों से समन्वय कर जल्द प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने निर्माणाधीन खेल परिसरों में आवश्यक सुविधाओं के साथ हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने और खेल विभाग में अधोसंरचनाओं की निगरानी के लिए सिविल विंग गठित करने की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।
जिलेवार खेल प्रतिभाओं के अनुसार बनेगी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के प्रदर्शन का विश्लेषण कर प्रत्येक जिले की खेल प्रतिभाओं के अनुसार अधोसंरचना विकसित की जाए। जिस जिले से जिस खेल के अधिक खिलाड़ी निकल रहे हैं, वहां उसी खेल की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही केंद्रीय खेल मंत्रालय से अधिकाधिक अनुदान प्राप्त करने और कॉरपोरेट भागीदारी से खेल अधोसंरचना विकसित करने के मॉडल पर भी काम करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें : ये सीट कांग्रेस की थी और कांग्रेस के ही पास गई…उपचुनाव में BJP की हार के बाद CM मोहन यादव का पहला रिएक्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि हाल ही में स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि विभाग प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।
