दतिया उपचुनाव: 8वें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 6.5 हजार के पार, घनश्याम सिंह बोले- 15 हजार वोटों से जीतूंगा
Datia By Election : दतिया उपचुनाव की मतगणना के 8वें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6.5 हजार से ज्यादा वोटों से आगे हैं। उन्होंने 12 से 15 हजार वोटों से जीत का दावा किया है।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Ghanshyam Singh Statement: दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस की बढ़त लगातार मजबूत होती जा रही है। आठवें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भाजपा पर साढ़े 6 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना चुके हैं। 8वें राउंड के बाद भाजपा को कुल 31,681 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 38,264 वोट आए हैं। इस तरह कांग्रेस ने 6,583 वोटों की बढ़त बना ली है।
लगातार बढ़त बनाए हुए घनश्याम सिंह ने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि अंतिम परिणाम में उनकी जीत का अंतर 12 से 15 हजार वोटों के बीच रहेगा। उन्होंने कहा, “अभी आप देखते जाइए, लीड तो अच्छी मिलेगी। टोटल में 12 से 15 हजार वोटों से जीतूंगा। हालांकि जो उम्मीद थी, उससे थोड़ा कम है।”
भारती के भितरघात से जीत पर असर नहीं पड़ेगा
घनश्याम सिंह ने शुरुआती राउंड में पिछड़ने पर कहा कि दतिया में उनका पहला राउंड हमेशा कमजोर रहा है। “मैं पहले भी तीन बार दतिया से चुनाव लड़ चुका हूं। हमेशा पहला राउंड खराब रहता था। इस बार भी वही स्थिति रही।” कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर निशाना साधते हुए घनश्याम सिंह ने कहा कि उनके भीतरघात से पार्टी को नुकसान जरूर हुआ, लेकिन जीत पर इसका असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “राजेंद्र भारती कई वर्षों तक कांग्रेस के सर्वेसर्वा रहे। अधिकांश कार्यकर्ता उनसे जुड़े थे। उनके भीतरघात से नुकसान हुआ, लेकिन इतना नहीं कि मैं हार जाऊं।”
सम्बंधित ख़बरें
BJP का Mission Gen-Z, जंतर-मंतर के आंदोलन के बाद युवाओं को साधने की बड़ी तैयारी, जानें क्या है पूरा प्लान?
पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक में डीके शिवकुमार कैबिनेट का होगा विस्तार, 20 नए मंत्रियों की एंट्री फिक्स, देखें पूरी लिस्ट
हंगामे की भेंट चढ़ा प्रश्नकाल, नियम 267 पर अड़ा विपक्ष, संसद में घमासान के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे भारती
राजेंद्र भारती के निलंबन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी का निर्णय है। उन्होंने बताया कि उन्होंने केवल दो लाइन का पत्र लिखकर शिकायत की थी कि राजेंद्र भारती अपने समर्थकों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। घनश्याम सिंह ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व और पार्टी के पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई है। यदि जांच समिति गठित होती है तो वह सबूत भी उपलब्ध कराएंगे।
वरिष्ठ नेताओं के प्रचार से लाभ मिला
उन्होंने कांग्रेस के चुनावी अभियान का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रभारी हरीश चौधरी, सह-प्रभारी संजना जाटव और रणविजय सिंह सहित कई नेताओं ने गांव-गांव जाकर प्रचार किया, जिसका लाभ पार्टी को मिला।
ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा बोले- आखिर में भाजपा ही जीतेगी, सातवें राउंड के बाद कांग्रेस 3,295 वोट से आगे
अवधेश नायक की नाराजगी पर भी दी प्रतिक्रिया
अवधेश नायक की नाराजगी पर घनश्याम सिंह ने कहा कि शुरुआत में वह थोड़े नाराज जरूर थे, लेकिन वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उनकी बात सुनी और आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने पूरी ईमानदारी से कांग्रेस के पक्ष में काम किया। आठवें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त साढ़े 6 हजार वोटों के पार पहुंचने से दतिया उपचुनाव में पार्टी की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि अंतिम नतीजा मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित होगा।
