भोपाल में ‘फिजिक्स वाला’ पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, लगा लाखों का जुर्माना; जानें क्या है पूरा मामला
Fine On Physics Wallah By BMC: भोपाल में 'फिजिक्स वाला' कोचिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सरकारी पेंटिंग्स खराब करने पर ₹4.20 लाख का जुर्माना, फायर सेफ्टी में भी मिलीं खामियां।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: सजल रघुवंशी
फिजिक्स वाला पर लगा मोटा फाइन (सोर्स- सोशल मीडिया)
BMC Action On Physics Wallah: राजधानी भोपाल में देश की प्रमुख कोचिंग संस्थाओं में शामिल फिजिक्स वाला के खिलाफ नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों के अनुसार संस्थान द्वारा शहर में किए गए प्रचार-प्रसार और ब्रांडिंग के कारण सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। इसी मामले में नगर निगम ने लाखों रुपये की पेनल्टी लगाई है। वहीं अग्निशमन विभाग की जांच में भी सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई कमियां सामने आई हैं।
सार्वजनिक पेंटिंग्स को नुकसान पहुंचाने का आरोप
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, फिजिक्स वाला द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में कराई गई ब्रांडिंग और प्रचार सामग्री के कारण निगम की ओर से बनाई गई सार्वजनिक पेंटिंग्स और दीवार चित्र प्रभावित हुए हैं। इससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन किया गया है, जिसके चलते कार्रवाई की गई।
सम्बंधित ख़बरें
भोपाल में एक महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर में बड़ा खुलासा; समलैंगिक संबंध बनाने की कोशिश में की आरोपी ने हत्या
EXCLUSIVE: अयोध्या में दान पर सियासत, उज्जैन महाकाल मंदिर में पारदर्शिता की मिसाल; पढ़ें यह खास रिपोर्ट
उज्जैन में BLO ने व्हाट्सएप पर लीक की नाबालिग की फोटो; इंटरनेट पर डीपफेक अश्लीलता फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
बुरहानपुर के गांवों में मुफ्त शराब बांटकर वीडियो बनाने का आरोप; प्रशासन के सामने उठी कार्रवाई करने की मांग
पहले नोटिस, फिर लाखों रुपये की पेनल्टी
नगर निगम ने बताया कि इस मामले में संस्थान को लगभग एक माह पहले नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने और प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए थे। समझाइश और चेतावनी के बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर निगम ने दंडात्मक कदम उठाया। जानकारी के अनुसार फिजिक्स वाला पर करीब 4 लाख 20 हजार रुपये की पेनल्टी निर्धारित की गई है। निगम का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
फायर सेफ्टी जांच में सामने आईं खामियां
हाल ही में अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान संस्थान में कई सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। जांच में कुछ फायर सेफ्टी उपकरण और अग्निशमन किट कार्यरत नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने संस्थान को नोटिस जारी कर सभी सुरक्षा मानकों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: भोपाल में एक महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर में बड़ा खुलासा; समलैंगिक संबंध बनाने की कोशिश में की आरोपी ने हत्या
कार्रवाई रोकने की कोशिशें भी रहीं चर्चा में
कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया। सूत्रों के अनुसार कार्रवाई रुकवाने के लिए संस्थान की ओर से विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई। कई वरिष्ठ अधिकारियों को फोन भी किए गए, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम और अन्य विभागों की टीम अपने निर्धारित अभियान पर कायम रही। अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं और नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश दिया।
