लखनऊ हादसे के बाद भोपाल में सख्ती, कोचिंग–हॉस्टल और लाइब्रेरी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
MP Nagar Coaching Action : लखनऊ हादसे के बाद भोपाल में प्रशासन सख्त हो गया है। एमपी नगर में कोचिंग, हॉस्टल और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया, कई जगह फायर सेफ्टी खामियां मिलने पर कार्रवाई की गई।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
कोचिंग का निरीक्षण (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal Coaching Hostel Inspection: लखनऊ में हुए दर्दनाक कोचिंग हादसे के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर में कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम, प्रशासन और फायर विभाग की संयुक्त टीम लगातार जांच कर रही है। इसी क्रम में एमपी नगर क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण अभियान का नेतृत्व एसडीएम एल.के. खरे ने किया, जिसमें नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें भी शामिल रहीं। टीम ने एमपी नगर में संचालित कई कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कई जगहों पर गंभीर खामियां सामने आईं, जिससे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोचिंग को जारी किया नोटिस
निरीक्षण में नीट मिंटो क्लासेस में फायर सेफ्टी उपकरण अनुपस्थित और कार्यरत नहीं पाए गए। इस पर अधिकारियों ने तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं औरसा कोचिंग क्लासेस में भी फायर सेफ्टी व्यवस्था को दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
मुरैना में महिला से पुलिस की मारपीट का आरोप, पाइप से पिटाई का वीडियो वायरल, हेड कांस्टेबल सस्पेंड
ग्वालियर में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की पत्रकारों से तीखी नोकझोंक, कहा- हमने बहुत पत्रकार देखे हैं
मुरैना में सड़क किनारे मलबा हटाने को लेकर खूनी संघर्ष, पूर्व पार्षद समेत चार घायल, दोनों पक्षों पर केस दर्ज
बड़नगर स्टंट विवाद पर शहर काजी की सफाई, बोले- दो अखाड़ों की प्रतिद्वंद्विता थी, भावनाएं आहत करना उद्देश्य नहीं
एक्सपायर मिले अग्निशमन सिलेंडर
इसी तरह संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी किट अनुपयोगी पाई गईं। कई अग्निशमन सिलेंडर एक्सपायर मिले, जबकि हॉस्टल के किचन में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। इस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी सील
सबसे बड़ी कार्रवाई विजन आईएएस अकादमी की बेसमेंट लाइब्रेरी पर की गई, जिसे सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार यहां पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जबकि बेसमेंट में बड़ी संख्या में छात्र अध्ययन कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि करीब 125 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था बिना उचित सुरक्षा इंतजामों के की गई थी। इसके अलावा बेसमेंट में संचालित बैठक लाइब्रेरी और जैन गर्ल्स हॉस्टल की लाइब्रेरी पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले सभी संस्थानों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : ग्वालियर में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की पत्रकारों से तीखी नोकझोंक, कहा- हमने बहुत पत्रकार देखे हैं
स्टूडेंट्स की सुरक्षा सबसे ऊपर
एसडीएम एल.के. खरे ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
