भोपाल में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम घटाने की मांग
Protest Against Inflation: भोपाल में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया है। पार्टी ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के खिलाफ प्रोटेस्ट किया। सरकार से जनता के लिए राहत मांगी।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal Congress Protest: बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में भोपाल में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता जताई।
बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार से ईंधन की कीमतों में राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मौजूद तख्तियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए लिखा था ‘मेलोडी खाओ और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का गम भूल जाओ।’ बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की थी।
जनता को महंगाई का जहर दे रही सरकार
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार धीरे-धीरे जनता को महंगाई का जहर दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि राज्य सरकार वैट टैक्स में कमी कर दे तो पूरे मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें कम हो सकती हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर ऐसा नहीं कर रही है।
सम्बंधित ख़बरें
गर्मी से तप रहा मध्य प्रदेश: आज 45 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 28 मई से प्री-मानसून एक्टिविटी के संकेत
ट्विशा शर्मा केस: CBI मंगलवार को ले सकती है चार्ज, एसआईटी की केस डायरी तैयार; समर्थ से कराया गया सीन रिक्रिएट
भोपाल गैस त्रासदी के 41 साल बाद यूनियन कार्बाइड का होगा कायाकल्प, लगेंगे 1.5 लाख पेड़; बनेगा मिनी फॉरेस्ट
विदर्भ में ऑपरेशन लोटस की आहट? विधान परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस के 60 पार्षद नॉट रिचेबल
क्या भारत अब पाक से भी पीछे है?
पीसी शर्मा ने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम हो रहे हैं, जबकि भारत में लगातार कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भारत अब पाकिस्तान से भी पीछे हो गया है? इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें पेट्रोल को लोन पर लेने जैसी बात कही गई थी। कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता की परेशानियों का मजाक बताया।
ये भी पढ़ें : इंदौर हनीट्रैप केस: रेशू चौधरी और श्वेता जैन ही हैं मास्टरमाइंड, पुलिस ने जांच की तेज; 7 आरोपियों को भेजा जेल
महंगाई से घर का बजट बिगड़ा
युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा कि महंगाई से हर वर्ग परेशान है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लगातार कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार को तुरंत राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
