

White Clothes Washing Tips: सफेद कपड़े देखने में और पहनने में जितने साफ, फ्रेश और सुंदर लगते हैं, उनकी देखभाल उतनी ही ज्यादा करनी पड़ती है। कई बार नया सफेद कपड़ा कुछ ही धुलाई के बाद अपनी चमक खो देता है और हल्का पीला या मटमैला दिखाई देने लगता है।
सफेद कपड़ों के पीले पड़ने की वजह सिर्फ डिटर्जेंट नहीं, बल्कि कपड़े पर जमा पसीना, तेल, साबुन का अवशेष और गलत तरीके से धोना भी हो सकता है।
ऐसा लगता है कि ज्यादा डिटर्जेंट से कपड़े ज्यादा साफ होंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट कपड़े के रेशों में रह जाते है और धूल-मिट्टी को पकड़कर सफेद कपड़े को धीरे-धीरे मटमैला बना देते है।
कॉलर, अंडरआर्म और गर्दन के आसपास पसीना और शरीर का तेल जमा होता है। अगर ऐसे कपड़े कई दिनों तक लॉन्ड्री बास्केट में पड़े रहें तो दाग और पीलेपन की समस्या बढ़ जाती है।
धुलाई के बाद अगर डिटर्जेंट पूरी तरह निकल नहीं पाया, तो उसके अवशेष कपड़े पर रह सकते हैं। समय के साथ यही बचे हुए अवशेष कपड़े की सफेदी को कम कर देते हैं।
हर सफेद कपड़े को गर्म पानी में धोना सही नहीं होता। कुछ फैब्रिक में ज्यादा गर्म पानी रेशों को नुकसान पहुंचाता है और पुराने दाग या पीलेपन को और उभार सकता है। इसलिए कपड़े पर लिखे केयर लेबल को अच्छे से पढ़ें और कपड़ों को उसी निर्देश के हिसाब से वॉश करें।
सफेद कपड़ों को डार्क कलर के गंदे कपड़ों के साथ धोने से उन पर दूसरे कपड़ों की डाई या गंदगी ट्रांसफर हो जाती है। इससे सफेदी धीरे-धीरे कम होने लगती है।
धूप कपड़ों को सुखाने में मदद करती है, लेकिन बहुत लंबे समय तक तेज धूप में छोड़ना कुछ प्रकार के फैब्रिक को नुकसान पहुंचाता है।
सफेद कपड़ों को अलग करके कपड़े के फैब्रिक के हिसाब से सही मात्रा में डिटर्जेंट डालकर धोएं और मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े न भरें, ताकि पानी और डिटर्जेंट अच्छी तरह घूम सकें।
कॉलर या अंडरआर्म जैसे हिस्सों पर पसीने के दाग हों तो मशीन में धोने से पहले हल्के हल्के हाथों से वॉश करें।
धुलाई के बाद कपड़ों को अच्छी तरह रिंस करें और पूरी तरह सूखने दें।
बहुत तेज गर्म पानी या किसी भी ब्लीच का इस्तेमाल करने से पहले केयर लेबल जरूर देखें।