

Lip Crayons: लिप मेकअप का नया ट्रेंड लिप क्रेयॉन है। लिपस्टिक लगाने के लिए शीशा चाहिए, इसके बावजूद कई बार लाइन बिगड़ने का डर रहता है और कई बार कुछ घंटे बाद लिपस्टिक होंठों के किनारों से फैलने लगता है।
लिप क्रेयॉन लिपस्टिक जैसा रंग देता है, लेकिन लगाने का तरीका लिप पेंसिल जैसा आसान है। लिप क्रेयॉन अब सिर्फ टीनएज या कैजुअल मेकअप के लिए नहीं है। मैट, क्रीमी और टिंटेड फिनिश में आने वाले क्रेयॉन को हल्के डेली लुक से लेकर पार्टी मेकअप तक इस्तेमाल किया जाता है।
क्रेयॉन का आकार आमतौर पर मोटी पेंसिल जैसा होता है और इसी वजह से इसे होंठों पर लगाना आसान होता है। लिपस्टिक लगाने के लिए पूरे होंठ पर चलाना होता है, जबकि क्रेयॉन से पहले होंठों की आउटलाइन बनाकर फिर अंदर की ओर लगाना होता है। यह ज्यादा क्लीन और स्मूद लगता है।
क्रेयॉन की नोक होंठों के किनारों पर लगाते हुए कंट्रोल देती है। इससे आउटलाइन बनाने के लिए अलग लिप लाइनर की जरूरत नहीं पड़ती।
लिप मेकअप के लिए लिप क्रेयॉन को हल्का लगाकर टिंट जैसा इफेक्ट दिया जा सकता है या कई लेयर लगाकर रंग को गहरा किया जा सकता है। यानी डेली ऑफिस लुक से ईवनिंग मेकअप तक एक ही प्रोडक्ट काम आ सकता है।
लिप क्रेयॉन को बैग में रखना और चलते-फिरते लगाना आसान होता है। छोटे मिरर के साथ भी होंठों पर लगाना आसान है।
डार्क या पिगमेंटेड शेड को सिर्फ बॉर्डर पर लगाकर बाकी होंठों पर हल्का रंग भरा जा सकता है। इससे लिप्स को डिफाइंड लुक मिलता है।
अगर आपको लंबे समय तक टिकने वाला और ज्यादा डिफाइंड लुक पसंद है तो मैट क्रेयॉन अच्छा ऑप्शन है। लेकिन बहुत रूखे होंठों पर लगाने से लिप्स ड्राई दिख सकते हैं। क्रीमी क्रेयॉन होंठों पर ज्यादा सॉफ्ट और कंफर्ट महसूस हो सकता है। डेली मेकअप के लिए यह विकल्प ज्यादा सहज है। यह काफी लॉन्ग लास्टिंग है।
लिप क्रेयॉन का सही रंग चुनते समय सिर्फ ट्रेंड देखकर शेड न लें। आपकी त्वचा का अंडरटोन, होंठों का नैचुरल पिगमेंटेशन और आप किस तरह का मेकअप करती हैं, इन सबको ध्यान में रखते हुए लिप शेड चुनें।
डेली लुक के लिए रोजी न्यूड, मव और ब्राउन टोन अच्छे ऑप्शन हैं। वहीं फेस्टिव या पार्टी मेकअप के लिए रेड, बेरी और डीप प्लम जैसे शेड ज्यादा उभरकर दिखते हैं।
लिप क्रेयॉन लगाने से पहले होंठों पर जमा ड्राई स्किन को धीरे से साफ करें और हल्का लिप बाम लगाएं। बहुत ज्यादा बाम लगा रहने पर मैट क्रेयॉन की पकड़ और फिनिश अच्छी नहीं आएगी। एक्स्ट्रा बाम को टिश्यू से हटा दें।
इसके बाद क्रेयॉन से पहले होंठों की आउटलाइन बनाएं और फिर अंदर की तरफ रंग भरें। अगर ज्यादा नेचुरल लुक चाहिए तो उंगली से हल्का ब्लेंड करें।