

रकिंग में सामान्य वॉकिंग के दौरान पीठ पर वजनदार बैग कैरी किया जाता है, जिससे एक्सरसाइज की इंटेंसिटी बढ़ती है।
यह कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस, मांसपेशियों की ताकत और स्टैमिना बेहतर करने में मदद करता है।
गलत तरीके या जरूरत से ज्यादा वजन उठाने पर चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।
Rucking Exercise Benefits: फिट रहने के लिए लोग वॉकिंग, रनिंग और जिम जैसी अलग-अलग एक्टिविटीज करते हैं, लेकिन इन दिनों एक अलग तरह का फिटनेस ट्रेंड चर्चा में है, जिसे रकिंग एक्सरसाइज कहते हैं। इसमें आपको सिर्फ चलना होता है, लेकिन पीठ पर एक वजनदार बैग लेकर। यह एक्सरसाइज सुनने में आसान हो सकता है, लेकिन यह सामान्य वॉकिंग से अलग है। इसमें शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
रकिंग का मतलब है वजनदार बैकपैक लेकर एक तय दूरी तक चलना। इसकी शुरुआत मिलिट्री ट्रेनिंग से हुई थी, जहां सैनिकों को पीठ पर सामान लेकर लंबी दूरी तय करने का अभ्यास कराया जाता था। अब इसे एक फिटनेस एक्टिविटी के तौर पर भी अपनाया जा रहा है। इसमें वजन, चलने की दूरी और समय के आधार पर वर्कआउट की इंटेंसिटी तय होती है।
इस एक्सरसाइज में वजन लेकर चलने से शरीर को सामान्य वॉकिंग के मुकाबले ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे हार्ट रेट बढ़ता है और कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस बेहतर होता है। इसके अलावा पैरों, कूल्हों और पीठ की मांसपेशियां भी एक साथ काम करती है। नियमित अभ्यास से मांसपेशियों की ताकत, स्टैमिना और शारीरिक सहनशक्ति बेहतर होती है।
अगर आप रकिंग शुरू करना चाहते हैं तो पहले बिना वजन के 30 मिनट तक आराम से चलने की क्षमता विकसित करें। इसके बाद हल्के वजन से ब्रिस्क वॉकिंग की शुरुआत करें। करीब 2 से 2.5 किलो वजन वाला बैग लेकर 15-20 मिनट चल सकते हैं। शुरुआत में हफ्ते में 1-2 बार अभ्यास करें और धीरे-धीरे समय व वजन बढ़ाएं।
रकिंग एक्सरसाइज के लिए ऐसा बैग चुनें जिसकी स्ट्रैप मजबूत और आरामदायक हों। वजन को बैग में अच्छी तरह सेट करें, ताकि चलते समय वह इधर-उधर न हिले। चलते समय पीठ सीधी रखें और कंधों को आगे की ओर न झुकाएं।