रक्षा बंधन 2024 (सौ.सोशल मीडिया)
भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक ‘रक्षाबंधन’ (Raksha Bandhan 2024) का पावन पर्व इस बार 19 अगस्त को मनाया जाएगा। हर साल सावन महीने की पूर्णिमा तिथि को भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व ‘रक्षाबंधन’ (Raksha Bandhan) मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी बांधती हैं।
इस शुभ अवसर पर भाई भी अपनी बहनों को जीवनपर्यंत प्रसन्न रखने और रक्षा करने का वचन देते हैं। शास्त्रों में निहित है कि चिरकाल से भाई-बहन के प्यार का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन मनाया जाता है। क्या आपको पता है कि इस साल कब है रक्षाबंधन। आइए, रक्षाबंधन का सही डेट, शुभ मुहूर्त एवं योग जानते हैं-
पंचांग के अनुसार, साल 2024 में सावन पूर्णिमा तिथि 19 अगस्त को (18 अगस्त की देर रात) 3 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगी और 19 अगस्त को ही देर रात 11 बजकर 55 मिनट पर समाप्त होगी। इस प्रकार 19 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा।
शास्त्रों में यह बताया गया है कि रक्षाबंधन अनुष्ठान भद्रा काल में नहीं किया जाता है। बता दें कि इस दिन भद्रा काल का समय सुबह 9:51 से दोपहर 1:30 के बीच रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार का अनुष्ठान करना वर्जित है। ऐसा इसलिए क्योंकि भद्राकाल को अशुभ समय की श्रेणी में रखा गया है।
रक्षाबंधन पर्व न केवल आध्यात्मिक दृष्टिकोण से बल्कि इस पर्व को भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा भी माना जाता है। धार्मिक विद्वान यह भी बताते हैं कि रक्षाबंधन का पर्व न केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित है, बल्कि गुरु-शिष्य माता-पिता और मित्रों के साथ भी इस पर्व को मनाया जा सकता है। इस विशेष दिन पर बहन अपने भाइयों की सफलता और आरोग्यता की प्रार्थना करती हैं और भाई अपने बहन की आजीवन रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। लेखिका-सीमा कुमारी