

Best Time For Dinner: रात का खाना अन्य सभी मील्स की तरह ही जरूरी भोजन है और किसी भी भोजन को स्किप करना कभी भी अच्छा नहीं होता। कैलरी और सभी पोषक तत्वों के संबंध में हमारे शरीर की दैनिक आवश्यकताओं का अपना एक सेट है।
यदि हम सभी मील्स ठीक समय पर करते हैं, तो इससे मेटाबॉलिज्म ठीक रहता है। अपने भोजन के समय को शरीर की प्राकृतिक घड़ी के करीब रखना स्वास्थ्य के लिए हमेशा से ही फायदेमंद साबित होता है।
डिनर अगर समय से कर लिया जाए, तो आपकी सेहत के लिए हर लिहाज से बेहतर रहता है। अध्ययन से पता चलता है कि ऐसा करना डायबिटीज टाइप 2 के जोखिम को कम करता है। बीपी को लेवल में रखता है। इससे वजन घटाने, सही मेटाबॉलिज़्म, बेहतर एनर्जी लेवल, सहनशक्ति, बेहतर पाचन और इम्युनिटी जैसे कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। आप गलत समय पर हेल्दी चीजें भी खाते हैं, तो शरीर को उसका पूरा फायदा नहीं मिलता, वहीं अगर आप सही समय पर कभी-कभार अनहेल्दी चीज भी खा लेंगे तो आपकी फिटनेस खराब नहीं होगी।
खाना सिर्फ भूख मिटाने के लिए नहीं खाना चाहिए, बल्कि उसका पोषक तत्वों से भरपूर होना भी जरूरी है। डॉक्टर के अनुसार, कभी भी ब्रेकफास्ट स्किप न करें, क्योंकि अच्छा ब्रेकफास्ट आपकी बॉडी को दिन भर एनर्जी देगा। ऐसे में ध्यान रखें कि ब्रेकफास्ट में फाइबर, प्रोटीन, माइक्रो न्यूट्रिएंट्स ठीक मात्रा में हों। हाइ शुगर फैट वाला खाना ब्रेकफास्ट में नहीं खाना चाहिए। साथ ही लंच दिन का सबसे हैवी मील होना चाहिए। ऐसे में अगर आप कुछ भी अनहेल्दी भी खा लेते हैं तो गट उसे पचाने में समर्थ होता है। जब बात डिनर की होती है, तो लोग यहीं सबसे ज्यादा गलती करते हैं। स्कूल या ऑफिस की भागदौड़ की वजह से सुबह नाश्ते के लिए समय नहीं मिलता। लंच में भी हल्का-फुल्का कुछ खा लेते हैं। फिर रात में भरपेट भोजन करते हैं। इस हिसाब से दिनभर का सबसे हैवी मील रात में खाते हैं। यानी हम सबसे हैवी मील तब लेते हैं, जब बॉडी उसे पचा सकने में सबसे ज्यादा निष्क्रिय है। रात का खाना सबसे कम मात्रा में और सबसे हल्का होना चाहिए।
डिनर को लेकर कई अलग-अलग भ्रांतियां है। कुछ लोग तो डिनर स्किप करने की बात करते हैं, तो कोई कहता है कि सूरज ढलने से पहले आपको डिनर कर लेना चाहिए। दोनों में से कोई नुकसानदायक नहीं है। लेकिन अपने शरीर के लिए आपको अपनी दिनचर्या के हिसाब से डिनर करना या न करने का चुनाव खुद करना है।
डिनर करने और सोने के बीच कम से कम तीन घंटे का गैप होना चाहिए। इसलिए 8 बजे से पहले डिनर करना हर लिहाज से अच्छा होता है। देर तक जागने पर आपको दोबारा भूख लग जाएगी और ऐसे में आप जो भी खाएंगे, वो सिर्फ फैट बनकर बॉडी में जमा होगा।