डिजिटल युग में कैसे रहें खुश? अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस 2026 पर जानें मानसिक शांति के सक्सेस मंत्र

International Day of Happiness: अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस 2026 का उद्देश्य सामूहिक कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की थीम 'सभी के लिए खुशी, एक साथ' है।
International Happiness Day
मोबाइल और डिजिटल लाइफ के बीच सुकून खोजता व्यक्ति (सौ. एआई)
Published on
Updated on

Mental Health Tips: हर साल की तरह इस वर्ष भी 20 मार्च को दुनिया भर में 'अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस' (International Day of Happiness) मनाया जा रहा है। आधुनिक दुनिया की भागदौड़ और बढ़ते तनाव के बीच यह दिन हमें याद दिलाता है कि वास्तविक प्रगति केवल भौतिक सफलता या आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है बल्कि मानसिक शांति और भावनात्मक कल्याण ही जीवन का असली आधार है।

भूटान के 'सकल राष्ट्रीय खुशी' से मिली प्रेरणा

अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस की स्थापना संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा वर्ष 2012 में की गई थी। इस विचार को वैश्विक स्तर पर लाने का मुख्य श्रेय भूटान को जाता है, जिसकी 'सकल राष्ट्रीय खुशी' (Gross National Happiness - GNH) की दार्शनिक अवधारणा ने केवल आर्थिक विकास के बजाय सामूहिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता दी। इसके बाद, 2013 में पहली बार आधिकारिक रूप से इस दिवस का आयोजन किया गया, जो अब एक वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुका है।

2026 की थीम

वर्ष 2026 के लिए अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस की विशेष थीम 'सभी के लिए खुशी, एक साथ' रखी गई है। यह विषय इस बात को रेखांकित करता है कि एक व्यक्ति की खुशी उसके आस-पास के समाज और समुदाय की खुशहाली से गहराई से जुड़ी होती है। इस वर्ष का अभियान समावेशित, भावनात्मक लचीलापन और एक खुशहाल दुनिया बनाने के लिए साझा जिम्मेदारी पर केंद्रित है।

डिजिटल ओवरलोड और मानसिक स्वास्थ्य

वर्तमान समय में बढ़ते शहरी तनाव, डिजिटल ओवरलोड और सामाजिक अलगाव ने मानसिक स्वास्थ्य को एक बड़ी चुनौती बना दिया है। यह दिवस लोगों को कृतज्ञता करुणा और अर्थपूर्ण रिश्तों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे लेकिन निरंतर प्रयास जैसे कि दयालुता दिखाना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और सकारात्मक संवाद करना स्थायी खुशी पैदा करने के शक्तिशाली उपकरण हैं।

अपनी हॉबी या किसी ऐसे काम के लिए समय जरूर निकालें जो आपको बिना किसी दबाव के खुशी देता हो चाहे वह पेंटिंग हो, संगीत सुनना हो या केवल मौन रहना। स्वयं के साथ बिताया गया गुणवत्तापूर्ण समय ही आपको आंतरिक शांति प्रदान करता है। अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस 2026 पर संकल्प लें कि आप अपनी मानसिक शांति को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com