Air Pollution: सिर्फ बाहर ही नहीं, घर के अंदर भी है प्रदूषण का खतरा! ये 5 चीजें बिगाड़ सकती हैं एयर क्वालिटी

Indoor Air Quality: घर में इस्तेमाल होने वाली अगरबत्ती, मच्छर कॉइल, किचन का धुआं और क्लीनिंग स्प्रे भी इनडोर एयर क्वालिटी को खराब करती हैं। जानिए घर की हवा साफ रखने के आसान तरीके।
Indoor air pollution household sources prevention.
इनडोर एयर क्वालिटीफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • घर के अंदर जलने वाली अगरबत्ती, धूप और मच्छर भगाने वाली कॉइल से हवा में बारीक प्रदूषक कण फैलते हैं।

  • खाना पकाने का धुआं, तंबाकू का धुआं और तेज केमिकल वाले क्लीनिंग प्रोडक्ट भी इनडोर एयर क्वालिटी को खराब करते हैं।

  • घर में सही वेंटिलेशन रखकर व धुएं के स्रोत कम करके धुएं के जोखिम को कम कर सकते हैं।  

Indoor Air Pollution: बाहर बढ़ते एयर पॉल्यूशन पर तो सभी ध्यान देते हैं, लेकिन घर के अंदर की हवा भी खराब हो सकती है। कई बार रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें ही घर के भीतर एयर क्वालिटी को खराब करती है। खाना बनाते समय उठने वाला धुआं, अगरबत्ती और सफाई में इस्तेमाल होने वाले स्प्रे हवा में ऐसे कण छोड़ते हैं, जिनका असर सांस की सेहत पर पड़ता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, घर में होने वाले वायु प्रदूषण का एक बड़ा कारण खाना पकाने और घर गर्म रखने के लिए प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन और तकनीकों का इस्तेमाल है।

घर की हवा खराब कर सकती हैं ये 5 चीजें

किचन का धुआं और खाना पकाने का तरीका

रोजाना खाना बनाते समय निकलने वाला धुआं और तेल के बारीक कण घर की हवा में मिल जाते हैं। खासकर डीप फ्राई, ग्रिलिंग और तेज आंच पर खाना पकाने के दौरान ऐसा हो सकता है। किचन में एग्जॉस्ट फैन चलाएं और खाना बनाते समय सही वेंटिलेशन रखें। लकड़ी, कोयले या दूसरे ईंधन का इस्तेमाल हो तो जोखिम और बढ़ता है।

अगरबत्ती, धूप और मच्छर भगाने वाली कॉइल

घर में पूजा के लिए अगरबत्ती और धूप जलाना या मच्छरों से बचने के लिए कॉइल जलाना आम बात है, लेकिन इनके जलने से धुआं और बारीक कण निकलते हैं, जो बंद कमरे में जमा हो जाते हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की समस्या वाले लोगों के आसपास इनका कम से कम इस्तेमाल करें।

क्लीनिंग स्प्रे और एयर फ्रेशनर

घर को साफ और खुशबूदार रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले कुछ क्लीनिंग प्रोडक्ट, रूम फ्रेशनर और परफ्यूम स्प्रे हवा में वोलाटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड छोड़ते हैं। इनके अधिक इस्तेमाल से कुछ लोगों को आंखों में जलन, सिरदर्द या सांस संबंधी परेशानी हो सकती है। जरूरत के मुताबिक ही इनका इस्तेमाल करें और सफाई के दौरान हवा आने-जाने की पूरी व्यवस्था रखें।

सिगरेट और तंबाकू का धुआं

घर के अंदर सिगरेट, बीड़ी या हुक्का पीने से निकलने वाला धुआं केवल पीने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि आसपास मौजूद लोगों को भी प्रभावित करता है। सेकंड हैंड स्मोक में मौजूद हानिकारक कण और केमिकल सांस के जरिए शरीर में जा सकते हैं। इसलिए घर और बालकनी के दरवाजे के पास भी धूम्रपान न करें, इन जगहों से धुआं वापस अंदर आ सकता है।

Indoor air pollution household sources prevention.
B12 Deficiency: दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 की कमी, पेरेंट्स डाइट में शामिल करें ये चीजें

धूल, सीलन और फफूंद

घर के कोनों, कालीन, गद्दों और पर्दों में जमा धूल हवा में फैलती है। वहीं दीवारों या बाथरूम में सीलन होने पर फफूंद पनप सकती है, जिसके कण हवा में पहुंचकर एलर्जी और सांस की परेशानी बढ़ाते हैं। इसके लिए नियमित सफाई करें, फर्श को सूखे झाड़ू की जगह गीले कपड़े से साफ करें और सीलन की वजह का परमानेंट समाधान करें।

घर के अंदर प्रदूषण लंबे समय तक रहने पर सांस की नली और फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, घरेलू वायु प्रदूषण से हृदय रोग, स्ट्रोक, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज और फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां भी हो सकती है।