

Fennel Seeds Benefits: सर्दियों की विदाई के साथ पारा चढ़ने लगा है और ऐसे में शरीर को शीतल रखना किसी चुनौती से कम नहीं। आयुर्वेद जिसे पित्तशामक कहता है वह साधारण सी दिखने वाली सौंफ इस मौसम में आपके तन-मन के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस बदलते मौसम में पेट की जलन, थकान और डिहाइड्रेशन आम समस्याएं हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद सौंफ इस तपती गर्मी में एक बेहतरीन देसी टॉनिक का काम कर सकती है।
आयुर्वेद के अनुसार सौंफ की तासीर ठंडी होती है जो शरीर के बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में सक्षम है। इसे पित्त दोष को संतुलित करने वाली औषधि माना जाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के अनुसार सौंफ न केवल लू से बचाती है बल्कि शरीर की आंतरिक गर्मी को बाहर निकालती है। जब आप सौंफ का पानी या शरबत पीते हैं तो यह सीधे तौर पर आपके पाचन तंत्र को शांत कर पेट की जलन से राहत दिलाता है।
सौंफ का अधिकतम लाभ लेने के लिए आप इसे इन तीन तरीकों से ले सकते हैं।
सौंफ को पीसकर पानी में मिलाएं और छान लें। इसमें हल्की मिश्री मिलाकर पीना गर्मियों में रामबाण है।
एक चम्मच सौंफ को पानी में उबालकर छान लें। यह चाय गैस और ऐंठन में तुरंत राहत देती है।
खाना खाने के बाद इसका सेवन माउथ फ्रेशनर के साथ-साथ पाचन के लिए भी बेहतरीन है।
हालांकि सौंफ सुरक्षित है लेकिन इसका अधिक मात्रा में सेवन न करें। गर्भवती महिलाएं और गंभीर रोगों से ग्रसित मरीज डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसे अपनी डाइट में शामिल करें।