

Homemade Protein Ladoo: अकसर मीठा खाने का मन होता है और डाइट की वजह से इसे अवॉयड कर देते हैं, तो घर पर बनाए गए हाई-प्रोटीन लड्डू अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं। इनमें सत्तू, दाल, मूंगफली, तिल, ओट्स, नट्स और बीज जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है।
इन्हें बनाना भी काफी आसान है और आप अपनी जरूरत के हिसाब से इसमें शुगर की जगह गुड़ या खजूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। लड्डू पौष्टिक हैं, लेकिन इनमें कैलोरी भी होती है। इसलिए इन्हें स्नैक या छोटी सर्विंग के तौर पर खाएं।
सत्तू भुने हुए चने से बनता है और इसे लड्डू में शामिल करके प्रोटीन और फाइबर बढ़ाया जा सकता है।
सामग्री- 1 कप सत्तू, ½ कप बादाम, काजू और अखरोट, 2 बड़े चम्मच कद्दू के बीज, 1 बड़ा चम्मच अलसी, 8-10 खजूर, 2-3 बड़े चम्मच देसी घी और ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर।
सबसे पहले बादाम, काजू, अखरोट और सभी बीजों को हल्का भून लें। ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें। अब कड़ाही में सत्तू को धीमी आंच पर कुछ मिनट भूनें। खजूर को छोटे टुकड़ों में काटकर थोड़ा गर्म करें, ताकि वह नरम हो जाए। अब एक बर्तन में सत्तू, पिसे हुए ड्राई फ्रूट्स, सीड्स, खजूर और इलायची डालकर मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा घी डालते जाएं और मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें। अब हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें।
अगर दाल का इस्तेमाल करके हाई प्रोटीन लड्डू बनाना चाहते हैं, तो मूंग दाल से बने ये लड्डू ट्राई कर सकती हैं।
सामग्री- 1 कप पीली मूंग दाल, ½ कप गुड़ का पाउडर, 3-4 बड़े चम्मच घी, ¼ कप मिल्क पाउडर, 2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और थोड़ी-सी जायफल पाउडर।
प्रोटीन से भरपूर लड्डू बनाने के लिए मूंग दाल को अच्छी तरह साफ करके सूखी कड़ाही में धीमी आंच पर भूनें। दाल से खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का बदल जाए तो गैस बंद कर दें। दाल को ठंडा करके मिक्सर में बारीक पीस लें। अब कड़ाही में घी गर्म करें और पिसी हुई दाल को कुछ मिनट और भूनें। गैस बंद करके इसमें गुड़ पाउडर, मिल्क पाउडर, इलायची, जायफल और कटे हुए बादाम डालें। मिश्रण हल्का गर्म रहे तभी हाथों से लड्डू बना लें।
मूंगफली और तिल दोनों ही इस लड्डू को नट्टी स्वाद देते हैं। इसमें भुना चना या चने का पाउडर मिलाने से प्रोटीन और बढ़ाया जा सकता है।
सामग्री- 1 कप भुनी हुई मूंगफली, ½ कप तिल, ½ कप भुना चना, ¾ कप गुड़, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और 1-2 बड़ा चम्मच घी।
सबसे पहले तिल को हल्का भूनकर अलग रख दें। इसके बाद मूंगफली और भुने चने को भी हल्का गर्म कर लें। मूंगफली और चने को दरदरा पीस लें। तिल को भी हल्का दरदरा पीस सकते हैं। अब कड़ाही में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। जब गुड़ पिघल जाए तो गैस धीमी कर दें। इसमें पिसी मूंगफली, चना, तिल और इलायची डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर हाथों में हल्का घी लगाएं और छोटे लड्डू बना लें।
ओट्स, पीनट बटर और चिया सीड्स के साथ इसे बनाया जा सकता है। चाहें तो इसमें प्रोटीन पाउडर भी मिलाया जा सकता है, लेकिन इसकी सेल्फ लाइफ कम होगी।
सामग्री- 1 कप रोल्ड ओट्स, ½ कप पीनट बटर, 2 बड़े चम्मच चिया सीड्स, 8-10 खजूर, 2 बड़े चम्मच नारियल का बुरादा, 1-2 बड़े चम्मच दूध और ½ छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर।
ओट्स को सूखी कड़ाही में 3-4 मिनट हल्का भूनें और ठंडा होने दें। खजूर को मिक्सर में पीसकर पेस्ट बना लें। अब एक बाउल में ओट्स, खजूर का पेस्ट, पीनट बटर, चिया सीड्स, नारियल और दालचीनी डालकर मिलाएं। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा-थोड़ा दूध डालें। अब हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें और करीब 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
इन लड्डुओं को एक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें और एक-दो लड्डू को सुबह के स्नैक, शाम की भूख या वर्कआउट के आसपास अपनी कुल डाइट के साथ शामिल किया जा सकता है।