

Kuttu Ki Tikki Ki Recipe: व्रत में हर बार कुट्टू की पूरी खाते हैं, तो इस बार कुछ ऐसा बनाइए, जो स्वादिष्ट होने के साथ कुरकुरा भी हो, तो कुट्टू की टिक्की ट्राई कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए कुट्टू का आटा, उबले आलू और सेंधा नमक जैसी आसान सामग्री चाहिए। इस टिक्की को डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं है। आप इसे कम तेल में तवे पर सेंक सकती हैं या एयर फ्रायर में भी बना सकती हैं।
1 कप कुट्टू का आटा
3 मध्यम आकार के उबले आलू
सेंधा नमक स्वादानुसार
1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1/2 चम्मच जीरा
थोड़ा सा हरा धनिया
1-2 चम्मच तेल
त्योहार में स्नैक बनाने के लिए सबसे पहले उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि आलू में पानी ज्यादा न हो। अब इसमें कुट्टू का आटा, सेंधा नमक, जीरा, हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डालें।
सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिक्स करें। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो हाथों को हल्का गीला करके इसे गूंथें। जरूरत से ज्यादा पानी न डालें, वरना मिश्रण चिपचिपा हो सकता है।
मिश्रण की बराबर मात्रा लेकर छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हथेली से दबाकर इन्हें गोल और चपटा आकार दें। टिक्की बहुत मोटी न रखें, इससे टिक्की भीतर से अच्छी तरह से सिकेगी।
नॉनस्टिक या अच्छी तरह गर्म किए तवे पर थोड़ा सा तेल लगाएं। टिक्कियां तवे पर रखें और धीमी आंच पर सेंकें। एक तरफ सुनहरी होने के बाद पलटें और दूसरी तरफ भी कुरकुरा होने तक पकाएं।
अगर आप तेल और कम करना चाहती हैं तो एयर फ्रायर का इस्तेमाल कर सकती हैं। एयर फ्रायर को करीब 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें। टिक्कियों पर हल्का तेल लगाकर उन्हें बास्केट में रखें। करीब 10-15 मिनट तक पकाएं और बीच में एक बार पलट दें। कुरकुरी और सुनहरी टिक्की तैयार है। इसे व्रत वाली हरी चटनी या दही के साथ गर्मागर्म परोसें।