

Aam Panna Benefits Summer: देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में गर्म हवा, लू, तपन, चिलचिलाती धूप और उमस से आम जनजीवन बेहाल है। हालांकि, एक चीज है, जो चुटकियों में इन समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार हो सकती है और वो है ‘आम का पन्ना’, जिसे पीने से मन तरोताजा महसूस करता है। बिना देर किए जानते हैं आम का पन्ना’, की रेसिपी।
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। लू से बचाव लिए आम को उबालकर इस्तेमाल करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। आप चाहें तो आम को कुकर या किसी गहरे बर्तन में आसानी से उबाल सकते हैं। जब आम ठंडे हो जाएं, तो उनका छिलका हटाकर गूदा निकाल लें। अब इस गूदे में 1 से 2 कप पानी डालकर थोड़ी देर पकाएं। इसके बाद मिश्रण को ठंडा होने दें।
अब इसमें स्वादानुसार चीनी, काला नमक और पुदीने की पत्तियां डालें। फिर तैयार पल्प में लगभग 1 लीटर ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद मिश्रण को छान लें और उसमें काली मिर्च व भुना हुआ जीरा पाउडर डाल दें। अब तैयार आम पन्ना में आइस क्यूब्स डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें। लीजिए, गर्मियों में राहत देने वाला स्वादिष्ट कच्चे आम का पन्ना तैयार है।
कच्चे आम में फाइबर, विटामिन C, विटामिन A, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और जिंक जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते है। यही वजह है कि यह शरीर को ऊर्जा देने, पाचन सुधारने, इम्यूनिटी मजबूत करने और त्वचा व बालों की सेहत बनाए रखने में मददगार माना जाता है. तेज गर्मी में जब शरीर जल्दी थकान महसूस करता है, तब कच्चा आम राहत देने का काम करता है।