सोना-चांदी रेट (डिजाइन फोटो)
Nagpur Business News: शेयर बाजार को पछाड़कर हैट्रिक बना रहा गोल्ड लोगों को टेंशन दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से सोना बढ़ते-बढ़ते शुक्रवार को 1,02,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। पिछले 1 वर्ष से सोने के दामों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले वर्ष 29 अगस्त में जो सोना 71,900 रुपये प्रति 10 ग्राम की रेंज में चल रहा था, वह इस वर्ष 29 अगस्त यानी एक वर्ष में 31,000 रुपये बढ़कर 1,02,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
इस माह 1 अगस्त को सोना 98,800 रुपये के स्तर पर चल रहा था लेकिन कमजोर रुपये और विदेशी बाजारों में सकारात्मक रुख के चलते स्थानीय सराफा बाजार में सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई और यह नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह चांदी झटका देते हुए सीधे 1,18,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अभी एक बार फिर से सोने और चांदी ने रफ्तार पकड़ ली है। दामों में हुई बढ़ोतरी और बाजार पर आए प्रभाव अगले सीजन को प्रभावित कर सकते हैं।
व्यापारियों के अनुसार अभी त्योहारों का सीजन शुरू है लेकिन टेंशन दे रहीं कीमतों के कारण ग्राहकी पर असर पड़ रहा है। मध्यम वर्गीय लोग बजट में कटौती कर रहे हैं और हल्के वजन के जेवर खरीद रहे हैं। व्यापारी आगामी शादियों के सीजन के इंतजार में हैं। यदि सोना और चांदी की कीमतें ऐसे ही रिकॉर्ड बनाती रहीं तो लोगों का महंगी धातु खरीदना मुश्किल हो जाएगा। इससे व्यापार भी प्रभावित हो सकता है।
आज महंगा सोना अब आम आदमी का ‘गहना’ ही नहीं रहा। जो मध्यमवर्गीय परिवार सोना खरीदने में आगे रहता था अब उसने हाथ पीछे खींच लिए हैं। सराफा व्यापारियों के अनुसार शॉप पर आने वाले ग्राहकों में मध्यम वर्गीय परिवारों की संख्या सबसे अधिक रहती थी जो कि अब महंगे होते सोना और चांदी के वजह से कम होते जा रही है। इस समय जो लोग आ रहे हैं वे अपने बजट के अनुसार खरीदी कर रहे हैं। इसमें उच्च वर्ग की डिमांड अच्छी बनी हुई है, वहीं निम्न व मध्यमवर्गीय बड़े और महंगे गहनों की खरीदी से बच रहे हैं।
ग्राहक सुषमा गुप्ता कहती हैं कि सोने के भाव सुन चिंतित हैं कि बच्चों की शादी में गहने कैसे बनवाएंगे। यही होगा कि 5 से 7 आइटम की जगह 2 या 3 आइटम में ही काम चलाएंगे। महंगाई के दौर में रोज कमाने-खाने वाला अपनी बेटी की शादी में सोना तो दूर चांदी के गहने देने में भी कई बार सोचने को मजबूर होगा। आज सोने के भाव आसमान पर पहुंच चुके हैं जिसे खरीदना हम जैसे आम लोगों के बस में नहीं रहा।
यह भी पढ़ें – मिहान में क्वांटा सिस्टम, JSR डायनेमिक्स को जगह, छोटी-बड़ी कंपनियों का निवेश में बढ़ा इंटरेस्ट
माह | सोना | चांदी |
---|---|---|
1 अगस्त | 98,800 | 1,12,100 |
2 अगस्त | 99,500 | 1,11,800 |
6 अगस्त | 1,01,000 | 1,13,900 |
7 अगस्त | 1,01,900 | 1,14,800 |
9 अगस्त | 1,01,500 | 1,15,900 |
22 अगस्त | 99,600 | 1,14,500 |
23 अगस्त | 1,00,000 | 1,16,800 |
28 अगस्त | 1,01,900 | 1,01,900 |
29 अगस्त | 1,02,900 | 1,18,900 |