
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सौजन्य : सोशल मीडिया
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 नवंबर को झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले रांची में भव्य रोड शो करेंगे। यह रोड शो भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में होगा और शाम 4 बजे से रांची के रातू रोड स्थित ओटीसी ग्राउंड से शुरू होगा। बता दें, यह रोडशो पिस्का मोड़, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर होते हुए रातू रोड चौक पर समाप्त होगा।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार 8 नवंबर को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री का झारखंड के प्रति विशेष स्नेह रहा है और उनका यह रोड शो प्रदेश की जनता को एक महत्वपूर्ण संदेश देने वाला होगा।
आपको जानकारी के लिए बताते चलें कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए रांची में पारंपरिक तरीके से तैयारियां की जा रही हैं। छऊ नृत्य के जरिए कलाकार मोदी का स्वागत करेंगे, जबकि 501 ब्राह्मण शंखध्वनि से उनका आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा, सिख समाज भी इस मौके पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। संजय सेठ ने बताया कि रांची के लोग और भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं और रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए घरों को सजाने और रंगोली बनाने की योजना बनाई गई है।
संजय सेठ ने बताया कि रातू रोड के लोग अपने घरों को सजा रहे हैं और प्रधानमंत्री के स्वागत में पुष्प वर्षा की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने रांचीवासियों से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं और प्रधानमंत्री को यह संदेश दें कि झारखंड डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार है। ध्यान देने वाली यह भी है कि पीएम मोदी के इस रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेता जैसे महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू और राकेश भास्कर भी उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़ें – एलके आडवाणी के घर पहुंचे पीएम मोदी, जन्मदिन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर दी बधाई






