Operation Sindoor: भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में LoC पर की अंधाधुंध गोलीबारी, मां-बेटी घायल
Operation Sindoor: भारतीय सेना ने आखिरकार पाकिस्तान से पहलगाम हमले का बदला ले लिया है। हालांकि, भारतीय हमले पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान ने भी अंधाधुंध फायरिंग की है, जिसकी चपेट में मां और बेटी आ गए है।
- Written By: प्रिया जैस
ऑपरेशन सिंदूर (सौजन्य-सोशल मीडिया)
जम्मू: भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के 15 दिन बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर चल रहे आतंकी ठिकानों को खत्म करने के लिए 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। भारतीय सेना ने बुधवार रात डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में ताबड़तोड़ हमला करके पहलगाम हमले का बदला लिया है।
इस पर जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम पंक्ति के गांवों में बुधवार तड़के भारी गोलाबारी की। यह गोलाबारी भारतीय सशस्त्र बलों के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद हुई।
मां और बेटी घायल
अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले में एक घर के पाकिस्तानी गोलाबारी की चपेट में आने से एक महिला और उसकी बेटी घायल हो गई, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि भारतीय हमले के कुछ ही देर बाद पुंछ के कृष्णा घाटी, शाहपुर और मनकोट, जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले के लाम, मंजाकोट और गंभीर ब्राह्मणा तथा उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके में सीमा पार से भारी गोलाबारी की खबर मिली।
सम्बंधित ख़बरें
Jammu Kashmir: कठुआ में बड़ा सड़क हादसा, सुकराला माता मंदिर जा रही मिनीबस खाई में गिरी, 23 श्रद्धालु घायल
PoK में अशांति पर पाकिस्तान के दावों को भारत ने बताया ‘झूठा और मनगढ़ंत’, दुनिया से दखल की मांग
Vaishno Devi Yatra 2026: वैष्णो देवी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 22 जून तक 50.70 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: ‘दो निशान, दो प्रधान’ के खिलाफ उठी आवाज, जिसने बदल दी देश की राजनीति
अधिकारियों के मुताबिक, मनकोट में दो नागरिकों के हताहत होने की खबर है और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात भारतीय सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण लोगों को भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सीमा पर लगातार 13 दिन से बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमला
पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने इस हमले के जवाब में पाकिस्तान और पीओके में मंगलवार देर रात नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। सशस्त्र बलों ने बहावलपुर को भी निशाना बनाया, जो आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख ठिकाना है। भारतीय सेना ने देर रात 1.44 बजे जारी एक बयान में कहा कि सैन्य हमले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत किए गए।
उसने कहा, ‘‘कुछ समय पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की साजिश रची गई और उसे अमलीजामा पहनाया गया।”
भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भीमबेर गली में गोलाबारी करके एक बार फिर संघर्ष-विराम समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।” भारत और पाकिस्तान के 25 फरवरी 2021 को संघर्ष-विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संघर्ष-विराम उल्लंघन की घटनाएं काफी कम हो गई थीं।
परगवाल सेक्टर में संघर्ष-विराम का उल्लंघन
हालांकि, 24 अप्रैल की रात से, जब भारत ने पहगाम हमले की पृष्ठभूमि में सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था, उसके बाद पाकिस्तानी सैनिक नियंत्रण रेखा के पास विभिन्न स्थानों पर अकारण गोलीबारी कर रहे हैं। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में नियंत्रण रेखा पर कई चौकियों पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर और जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया।
उन्होंने राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की। इसके बाद जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास परगवाल सेक्टर में भी संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले के पंथियाल उप-मंडल में भी एक शक्तिशाली विस्फोट की आवाज सुनी गई, लेकिन इसका वास्तविक कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
