आंधी और बारिश (सोर्स- सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली-एमपी और यूपी समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा झारखंड, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, हरियाणा और राजस्थान समेत 4 जिलों में लू चल सकती है।
एक तरफ राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है। बीकानेर, चूरू समेत कई जिलों में सोमवार को पारा 45 डिग्री से ज्यादा पहुंच गया है। वहीं, उदयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। फतेहसागर झील में खराब मौसम के चलते नाव पलट गई। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इधर, महाराष्ट्र में बिजली गिरने से 2 और झारखंड में 5 मौतें हुईं। वहीं, मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा। दक्षिणी राज्य कर्नाटक में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। इसके साथ ही पूरे तटीय कर्नाटक में तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं। पिछले 2 दिनों से यहां हो रही बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की स्थिति है।
मौसम विभाग ने 19 मई की शाम के बुलेटिन में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन, दक्षिण, मध्य बंगाल और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके कारण अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
शहर | न्यूनतम (°C) | अधिकतम (°C) |
---|---|---|
जयपुर | 28 | 42 |
भोपाल | 27 | 41 |
इंदौर | 26 | 39 |
रायपुर | 28 | 43 |
रांची | 25 | 38 |
पटना | 28 | 41 |
लखनऊ | 27 | 42 |
दिल्ली | 29 | 43 |
शिमला | 16 | 26 |
चंडीगढ़ | 26 | 40 |
अहमदाबाद | 29 | 44 |
मुंबई | 28 | 34 |
कोलकाता | 29 | 37 |
चेन्नई | 30 | 38 |
बीते कल कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश देखने को मिली। आज भी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी तथा एक-दो स्थानों पर बिजली चमकेगी।
कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की चेतावनी है।