

रेलवे बोर्ड ने यशवंतपुर-मडगांव नई वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी।
यशवंतपुर से मडगांव का सफर 13 घंटे 20 मिनट में पूरा होगा।
ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
नई सेवा शुरू होने पर मडगांव-मंगलुरु वंदे भारत ट्रेन बंद होगी।
Yesvantpur To Madgaon Train Schedule: पर्यटन और सुविधाजनक यात्रा की दृष्टि से भारतीय रेल अत्याधुनिक ट्रेनें लॉन्च कर रहा है। बेंगलुरु से गोवा का सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक नई सौगात दी है। रेलवे बोर्ड ने यशवंतपुर (बेंगलुरु)-मडगांव के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है।
मंगलुरु के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन न केवल बेंगलुरु और गोवा के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी, बल्कि तटीय कर्नाटक के कई प्रमुख शहरों को भी जोड़ेगी। पश्चिमी घाट की खूबसूरत वादियों और कोंकण तट के मनोरम नजारों से गुजरने वाला यह रेल सफर यात्रियों के लिए खास आकर्षण होगा।
हालाकिं इस नई ट्रेन में 13 घन्टे 20 मिनट का सफर बैठ कर करना होगा। नई ट्रेन 26655/26656 यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस के नाम से संचालित होगी।
यशवंतपुर से मडगांव पहुंचने में 13 घंटे 20 मिनट और वापसी में 12 घंटे 55 मिनट का समय लगेगा। ट्रेन सप्ताह में छह दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। हालांकि, नियमित संचालन शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से रवाना होकर मंगलुरु जंक्शन के रास्ते गोवा के मडगांव पहुंचेगी। रास्ते में इसके 12 निर्धारित ठहराव होंगे। इनमें श्रवणबेलगोला, हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, कबाका पुत्तूर, मंगलुरु जंक्शन, उडुपी, कुंदापुरा, मूकांबिका रोड बिंदूर, मुरुडेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार शामिल हैं।
इससे बेंगलुरु के अलावा हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर और कारवार जैसे शहरों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि ट्रेन दिन के समय संचालित होगी, जिससे यात्रियों को रास्ते में पश्चिमी घाट और कर्नाटक के खूबसूरत तटीय इलाकों के नजारे देखने का मौका मिलेगा।
ट्रेन संख्या 26655 यशवंतपुर से सुबह 7:35 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचेगी। इस तरह बेंगलुरु से गोवा तक की यात्रा 13 घंटे 20 मिनट में पूरी होगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 26656 मडगांव से सुबह 8:20 बजे रवाना होगी और रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। इस दिशा में कुल यात्रा समय 12 घंटे 55 मिनट निर्धारित किया गया है।
रेलवे के प्रस्ताव के मुताबिक, यशवंतपुर से मडगांव जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को संचालित नहीं होगी। वहीं, मडगांव से यशवंतपुर आने वाली ट्रेन गुरुवार को नहीं चलेगी। बाकी 6 दिनों में दोनों दिशाओं में यात्रियों को इस सेवा का विकल्प मिलेगा।
नई यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के साथ ही मौजूदा 20645/20646 मडगांव-मंगलुरु सेंट्रल वंदे भारत सेवा को बंद किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के पत्र में इस मौजूदा सेवा को समाप्त करने का भी उल्लेख किया गया है। ऐसे में नई ट्रेन इस रूट पर पुरानी वंदे भारत सेवा की जगह लेगी और इसका विस्तार बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन तक होगा।
बेंगलुरु और मंगलुरु के बीच रेल मार्ग के विद्युतीकरण ने इस रूट पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन का रास्ता तैयार किया है। इस परियोजना का काम दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था और दिसंबर 2025 में पूरा हुआ।
इसके बाद 28 दिसंबर 2025 को मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल भी किया गया। परियोजना के तहत पांच स्विचिंग स्टेशन बनाए गए और पूरे रेल मार्ग पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम स्थापित किया गया।
यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से बेंगलुरु और गोवा के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही तटीय कर्नाटक के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा।
उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन से सुविधा मिलेगी। फिलहाल यात्रियों को रेलवे की ओर से नियमित संचालन की तारीख और टिकट बुकिंग शुरू होने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।