Weather Update: हिमाचल में भारी तबाही, UP में उफान पर नदियां, IMD का अलर्ट जारी

Today Weather Update: हिमाचल प्रदेश में बीते दिन हुई भारी बारिश में एनएच 707 भूस्खलन के कारण बंद रहा। स्थानीय मौसम कार्यालय ने राज्य के नौ जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है।
Today Weather Update17th october
(कॉन्सेप्ट फोटो/ नवभारत लाइव)
Published on
Updated on

Today Weather Forecast: राष्ट्रीय राजधानी में मध्य, दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और पूर्वी दिल्ली समेत कुछ हिस्सों में गुरुवार की रात को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस बीच, शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आमतौर पर बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान जताया हैं। विभाग ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में बीते दिन जोरदार वर्षा हुई और सिरमौर जिले में लोहरा क्षेत्र के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग 707 भूस्खलन के कारण बंद रहा। स्थानीय मौसम कार्यालय ने राज्य के नौ जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। भारी बारिश से प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ आई है, जिससे 20 जून से अब तक 1,220 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

हिमाचल में 170 सड़के बंद

सूत्रों ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 समेत 170 सड़कें अब भी बंद हैं। सूत्रों के अनुसार, राजमार्ग 30 घंटे से अधिक समय से बंद है और इसे अभी तक वाहनों के आवागमन के लिए बहाल नहीं किया जा सका है, क्योंकि पहाड़ से मलबा आने से सड़क साफ करने के काम में बाधा आ रही है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। मंडी में 121 सड़कें, कुल्लू में 23 और सिरमौर जिले में 13 सड़कें बंद हैं। इस मानसून में राज्य में अब तक 112 लोगों की मौत हुई है जिनमें तीन लोगों की मौत पिछले 24 घंटे में हुई हैं।

झारखंड में भारी बारिश की संभावना

झारखंड में लगातार भारी बारिश जारी रहने के पूर्वानुमान के बीच पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों के सभी स्कूल गुरुवार को बंद रहे। अधिकारियों ने बताया कि तीनों जिलों में पिछले दो दिन से मध्यम से भारी बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन जिलों के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना है। उत्तर कोयल परियोजना क्षेत्र के भीम बैराज के 40 में से 38 गेट बुधवार को बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर खोल दिए गए। बैराज के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गेट खोलने के बाद लगभग दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

मछुआरों को नदी से दूर रहने की सलाह

उन्होंने कहा कि उत्तरी कोयल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नाविकों और मछुआरों को नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है। गढ़वा और लातेहार में प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के बीच एहतियात के तौर पर स्कूलों को बंद कर दिया गया है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड में एक जून से 16 जुलाई के बीच 71 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के दौरान राज्य में 348.9 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले 595.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

यूपी की प्रमुख नदियों का बढ़ा जलस्तर

उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक हिस्सों में भारी बारिश हुई। जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने से राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, बलिया, बरेली, आगरा, झाँसी, कानपुर और बाराबंकी सहित कई जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई है। राजधानी लखनऊ में बीते दिन को 5.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अगले 24 घंटे में बारिश की चेतावनी

राजधानी में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों, खासकर दक्षिणी हिस्सों में तेज आंधी, भारी बारिश और व्यापक जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर और महोबा जिलों में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com