कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले रामभक्ति का पाठ पढ़ा रहे…राम मंदिर ट्रस्ट का अखिलेश पर निशाना
Ram Mandir Trust Meeting: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट की बड़ी बैठक! कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, चंपत राय को बताया बेदाग और कहा- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा।
- Written By: अर्पित शुक्ला
गोविंद देव गिरि महाराज (Image- IANS)
Govind Dev Giri Maharaj on Akhilesh Yadav: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक हुई। करीब चार घंटे तक चली बैठक के बाद ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा। ट्रस्ट ने पहली बार स्वीकार किया कि चढ़ावे की गिनती के दौरान चोरी की घटना हुई थी। साथ ही दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा जताया और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि गिनती के दौरान चढ़ावे की चोरी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “जो हुआ वह हमारे लिए भी लज्जाजनक है। हम आहत हैं, हम दुखी हैं। लेकिन हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।”
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वामी गोविंद देव गिरि ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं और सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, वही आज रामभक्ति का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
राम मंदिर ट्रस्ट में इस्तीफों के बाद बढ़ा राजनीतिक घमासान, कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल
राम मंदिर दान चोरी विवाद: ट्रस्ट ने अफवाहों पर लगाया विराम, मीडिया के सामने रखीं दान दी गई वस्तुओं की लिस्ट
पूर्व IFS अधिकारी से राम मंदिर ट्रस्ट के ‘बॉस’ बनने तक, जानें कौन हैं हरदोई के कृष्ण मोहन?
राम मंदिर दान चोरी विवाद: SIT जांच के बीच ट्रस्ट की बैठक; गोपाल राव के मीटिंग में शामिल होने पर लगी रोक
उन्होंने कहा कि इतिहास में रामभक्ति का विरोध करने वाले लोगों का अचानक रामभक्त बन जाना सामान्य बात नहीं है। उनके मुताबिक इसका उद्देश्य हिंदू समाज को बांटना और रामभक्तों के बीच भ्रम पैदा करना है, लेकिन ट्रस्ट ऐसा होने नहीं देगा।
‘अफवाहों पर भरोसा न करें, खुद आकर देखें’
गोविंद देव गिरि ने रामभक्तों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर विश्वास न करें। यदि किसी को किसी प्रकार का संदेह हो तो वह ट्रस्ट कार्यालय आकर दान में मिली वस्तुओं और रिकॉर्ड की जानकारी स्वयं देख सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ट्रस्ट की छवि खराब करने और हिंदू समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ट्रस्ट पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है।
‘चंपत राय बेदाग हैं, सिर्फ भरोसा करने में हुई गलती’
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने पूर्व महासचिव चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि वे पिछले 32 वर्षों से उन्हें जानते हैं और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता।
उन्होंने कहा, “चंपत राय जी की एकमात्र गलती यह रही कि उन्होंने अपने करीबी लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा किया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए पूरा जीवन समर्पित किया है। मेरी नजर में वे पूरी तरह बेदाग हैं। उनसे लापरवाही जरूर हुई, लेकिन वे अपराधी नहीं हैं।”
यह भी पढ़ें- पूर्व IFS अधिकारी से राम मंदिर ट्रस्ट के ‘बॉस’ बनने तक, जानें कौन हैं हरदोई के कृष्ण मोहन?
दोषियों पर होगी कार्रवाई
ट्रस्ट ने दोहराया कि चढ़ावा चोरी मामले में कानून अपना काम करेगा और जांच एजेंसियों के सहयोग से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
