

Mallikarjun Kharge Dinner Party: भोज में विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "जिन लोगों को कांग्रेस पर विश्वास नहीं था या जो कांग्रेस के अनुयायी नहीं हैं वो भी देश भर में हो रहे इस मतदाता धोखाधड़ी पर चर्चा और चिंतन करने लगे हुए हैं।"
खड़गे ने कहा, "पहले ही हमने अपनी बात रख दी थी। सभी जानते हैं हमें वहां जाने नहीं दिया गया। क्योंकि बहुत लोग आ गए थे और उनके पास कोई जवाब देने को नहीं था। हमने कहा कि एक बड़ा हॉल उपलब्ध कराएं। हम वहां अपनी बात रखेंगे और आपको बताएंगे कि क्या कमी है। लेकिन उन्होंने किसी को नहीं बुलाया बल्कि कहा कि चुनिंदा लोगों को भेजो। अगर हमने चुनिंदा लोगों को भेजा होता तो अलग-अलग पार्टियों के सदस्य नाराज हो जाते।"
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "राहुल गांधी ने सबूत दिया है। विपक्षी नेता के रूप में उन्होंने ऐसा प्रमाण पेश किया है जिसे नकारा नहीं जा सकता। आज आपने देखा होगा कि राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद देश भर में जन जागृति आई है। लोग सतर्क हुए हैं और खुद चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जा रहे हैं।"
कांग्रेस से सांसद जेबी माथेर ने कहा, "सुबह चुनाव आयोग तक हुए मार्च में आप लोगों ने INDIA गठबंधन की एकजुटता देखी। ये एकता अब पक्की हो चुकी है और इसका मक्सद है लोकतंत्र की रक्षा करना और राष्ट्रीय चर्चा में असली मुद्दों को ले आना है।"
कांग्रेस सांसद गुलाम अहमद मीर ने कहा, "हमें लगता है कि अब चुनाव आयोग को अपराधबोध हो रहा है। आयोग की जिम्मेदारी हमेशा से मुक्त और निष्पक्ष चुनाव कराना रही है, जो हमारे लोकतंत्र की परंपरा और अपेक्षा है। लेकिन पिछले 8-10 सालों में कई रिपोर्टें सामने आई हैं। सिर्फ चार दिन पहले राहुल गांधी ने बड़ी मेहनत के बाद इसका एक नमूना पेश किया। अगर यह जांच आगे बढ़ी, तो भगवान ही जानता है कि और क्या सामने आएगा।"
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "सब कुछ सरकार के इशारे पर हो रहा है। सरकार और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र खत्म करने का काम कर रहे हैं। लेकिन हम तय कर चुके हैं कि किसी भी हालत में लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।" सपा सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने कहा, "चुनाव आयोग किसी भी सवाल का जवाब नहीं देता। हमारी पार्टी की ओर से 18,000 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन एक का भी जवाब नहीं आया।"
राजद सांसद मीसा भारती ने कहा, "प्रदर्शन के दौरान सांसदों के साथ बदसलूकी हुई और तीन महिला सांसद बेहोश हो गईं। चुनाव आयोग मिलना नहीं चाहता। मेरा मानना है कि चुनाव आयोग किसी न किसी तरह सरकार के दबाव में काम कर रहा है।"
आईएएनएस इनपुट के साथ