पुरस्कारों की घाेषणा करते जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल (सोर्स: एक्स@CRPaatil)
National Water Awards 2025 Winners List: साल 2024 के छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने बताया कि जल संरक्षण और प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ राज्य का सर्वोच्च सम्मान मिला है। यह पुरस्कार जल शक्ति मंत्रालय के तहत आने वाले विभाग द्वारा दिया जाता है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने साल 2024 के छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। यह पुरस्कार जल शक्ति मंत्रालय के तहत आने वाला जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग देता है।
इन पुरस्कारों का मुख्य मकसद देश भर में जल संरक्षण और प्रबंधन में उत्कृष्ट काम करने वाले राज्यों को मान्यता देना है। संयुक्त पुरस्कार विजेताओं सहित, कुल 10 श्रेणियों में 46 विजेताओं के नामों का एलान किया गया है।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi सर के आह्वान पर
जनभागीदारी से जल संचय की दिशा में देशभर में जो उल्लेखनीय प्रयास हो रहे हैं, आज मैं जल संरक्षण से जुड़े प्रत्येक साथी को हार्दिक अभिनन्दन देता हूँ। आज दिल्ली में मीडिया के भाई–बहनों के साथ आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में… pic.twitter.com/bMYOJIRNcT — C R Paatil (@CRPaatil) November 11, 2025
सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में महाराष्ट्र पूरे देश में अग्रणी रहा है। महाराष्ट्र को सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है, जिसके बाद गुजरात दूसरे पायदान पर और हरियाणा तीसरे पायदान पर रहा है।
सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, विजेताओं को एक प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने बताया कि 18 नवंबर को आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
विजेताओं का चयन 751 आवेदनों की समीक्षा के बाद किया गया। केंद्रीय जल आयोग और केंद्रीय भूजल बोर्ड ने जमीनी स्तर पर होने वाले काम का जायजा लेने के बाद एक रिपोर्ट बनाई थी। इसी आधार पर निर्णायक मंडल ने आवेदनों का मूल्यांकन किया। पुरस्कारों का मकसद जल संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सरकार के ‘जल समृद्ध भारत’ दृष्टिकोण के अनुरूप जमीनी स्तर के प्रयासों को उजागर करना है।
यह भी पढ़ें:- Bihar Exit Polls: कब और कहां देखें सबसे पहले एग्जिट पोल, NDA या मगठबंधन कौन मारेगा बाजी?
जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण में कुछ राज्यों ने उल्लेखनीय काम किया है। तेलंगाना ‘जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) 1.0 पहल’ के तहत 5.2 लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण कराकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। इस मामले में छत्तीसगढ़ 4.05 लाख परियोजनाओं के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजस्थान 3.64 लाख संरचनाओं के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन’ अभियान के तहत, उत्तरी क्षेत्र से उत्तर प्रदेश का दबदबा रहा। इस राज्य के मिर्जापुर (35,509 संरचनाएं), वाराणसी (24,409) और जालौन (16,279) जिलों ने संरचना निर्माण में शीर्ष प्रदर्शन किया और इन तीनों जिलों को 2-2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।