
नई दिल्ली: देश की पहली महिला भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी किरण बेदी (Kiran Bedi Birthday) का आज 73 वां जन्मदिन है। उनका जन्म आज ही के दिन 9 जून, 1949 को अमृतसर में एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रकाश लाल पेशावरिया और माता का नाम प्रेम लता है। किरण बेदी को बचपन से ही टेनिस खेलने का बहुत शौक था। ‘पेशावर सिस्टर्स’ के नाम से मशहूर हुईं किरण बेदी और उनकी बहनों ने टेनिस में नेशनल लेवल की कई प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाया था।
किरण बेदी की शुरूआती पढ़ाई अमृतसर से ही हुई थी। कॉलेज के दौरान वह एनसीसी से जुडी रही थी। उन्होंने 1968 में अमृतसर से ही स्नातक (बीए ऑनर्स इन इंग्लिश) पूरा किया। किरा बेदी को उसी साल एनसीसी कैडेट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। वहीं, उन्होंने साल 1970 में चंडीगढ़ से पॉलिटिकल साइंस से मास्टर्स डिग्री हासिल की थी। अमृतसर के खालसा कॉलेज में किरण कुछ समय के लिए लेक्चरर भी रहीं।
किरण बेदी भारतीय पुलिस सेवा में अधिकारी बनने वाली पहली भारतीय महिला हैं और उन्होंने 1972 में अपनी सेवा शुरू की। वह 2007 में पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो के महानिदेशक के रूप में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने से पहले 35 वर्षों तक सेवा में रहीं। अपने 35 वर्ष के से में किरण बेदी अपने सराहनीय कार्यों की वजह से काफी सुर्खियों में रही हैं। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर नकेल कसने से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने में उनका बड़ा हाथ है। उन्होंने सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। वहीं, उन्हें तिहाड़ जेल की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने जेल में उल्लेखनीय सुधार किया जो सराहनीय था। दिल्ली के तिहाड़ जेल में सुधारों को लेकर किरण बेदी दुनियाभर में सुर्खियों में आईं थी। उनके इसी कार्य के लिए उन्हें साल 1994 में रमन मैग्सेसे पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति किरण बेदी ने साल 2015 में भारतीय जनता पार्टी प्रवेश किया। उसी साल किरण ने बीजेपी के टिकट पर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा। हालाँकि, उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं, इसके बाद 22 मई, 2016 को सरकार ने पुडुचेरी का उप-राज्यपाल बनाया गया।






