सांकेतिक तस्वीर (Image- IANS)
IMD Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके असर से कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। बदले हुए मौसमी हालात के चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड और बढ़ सकती है। वहीं, एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
IMD के अनुसार, 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर व्यापक बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसी दिन पंजाब के कुछ इलाकों में मध्यम से लेकर भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 23 जनवरी को बारिश के आसार हैं।
23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 23 जनवरी को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है। कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, 25 और 26 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तथा 26 जनवरी को केरल और माहे में बिजली गिरने के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
IMD-Weather Alert (22–23 January 2026) Due to an intense Western disturbance heavy rainfall/ snowfall accompanied with hailstorm, lightning & gusty winds likely at isolated places over Western Himalayan region on 22nd & 23rd January, 2026. Light to moderate rainfall also… pic.twitter.com/uSPJJJu3Wt — India Meteorological Department (@Indiametdept) January 22, 2026
मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में गुरुवार को भीषण ठंड का प्रकोप बना रहा। अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरी घाटी में तापमान हिमांक से नीचे बना रहा। श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3।4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में करीब एक डिग्री कम था। सोनमर्ग घाटी सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6।1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को भी कड़ाके की ठंड देखने को मिली। होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3।3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में भी शीतलहर की स्थिति बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान 3।4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बठिंडा में यह पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें- Afghanistan में कुदरत का कहर… भारी बर्फबारी और बारिश से कई लोगों की मौत, शरणार्थियों पर मंडराया संकट
हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 4।4 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 4।6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बना रहेगा और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।