IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में PM मोदी, AI सुपरकंप्यूटर ‘परम प्रज्ञा’ का करेंगे उद्घाटन
PM Modi IIT Delhi: IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में PM मोदी AI सुपरकंप्यूटर 'परम प्रज्ञा' का उद्घाटन करेंगे। समारोह में 3000 से अधिक छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
- Written By: अनन्या तिवारी
सांकेतिक फोटो (सोर्स-डिजाइन फोटो)
PM Modi At IIT Delhi Convocation: भारतीय तकनीकी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 8 अगस्त 2026 को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करने पहुँच रहे हैं। यह केवल एक दीक्षांत समारोह नहीं है, बल्कि देश की बढ़ती तकनीकी ताकत का प्रदर्शन भी है, क्योंकि आज पीएम मोदी एआई (AI) सक्षम सुपरकंप्यूटर ‘परम प्रज्ञा’ का भी उद्घाटन करेंगे।
परम प्रज्ञा AI मिशन को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी आईआईटी दिल्ली के सोनीपत कैंपस में स्थापित अत्याधुनिक एआई-सक्षम हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सुपरकंप्यूटर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, एडवांस्ड कंप्यूटिंग और इंटर डिसिप्लीनेरी रिसर्च (बहुविषयी अनुसंधान) के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता रखता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सुविधा से संस्थान की अनुसंधान क्षमताओं में भारी वृद्धि होगी, जो भारत को वैश्विक एआई मानचित्र पर और भी मजबूत बनाएगी।
3000 से अधिक छात्र होंगे स्नातक
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक है। समारोह के दौरान कुल 3036 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 587 पीएचडी शोधार्थी, 1049 बीटेक, 567 एमटेक, 248 एमबीए और 243 एमएससी छात्र शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि साल 2026 में पहली बार बैचलर ऑफ डिजाइन, एग्जीक्यूटिव एमबीए, एमएससी इन बायोलॉजिकल साइंसेज और एमए इन कल्चर, सोसाइटी एंड थॉट के पहले बैच के छात्र स्नातक होकर निकल रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नवभारत संपादकीय: मोहन भागवत का संदेश, Gen-Z को राष्ट्रविरोधी नहीं मान सकते, नेतृत्व पर भी दी सीख
Navabharat Nishanebaaz: मजबूत हो रहे विपक्ष के घेरे, कोई मुंह फेरे या पीठ फेरे
दिल्ली में मध्य प्रदेश के नेताओं की बढ़ी सक्रियता, PM और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकातों ने बढ़ाई सियासी चर्चा
सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना की लड़ाई के बीच PM मोदी से मिले एकनाथ शिंदे, जानिए दोनों के बीच क्या हुई बात
मेधावी छात्रों पर होगी पदकों की बारिश
प्रधानमंत्री मोदी अपनी मौजूदगी से न केवल छात्रों का उत्साह बढ़ाएंगे, बल्कि शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले प्रतिभाशाली सितारों को संस्थान के सर्वाधिक प्रतिष्ठित सम्मानों से भी नवाजेंगे। इनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक जैसे महत्वपूर्ण पुरस्कार शामिल हैं।
18 NITs के साथ शैक्षणिक महाशक्ति बनेगा IIT दिल्ली
आईआईटी दिल्ली ने इस वर्ष देश के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। संस्थान ने देश के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (NITs) के साथ समझौते किए हैं। ‘अलाइन’ (एकेडमिक लिंकेजेज फॉर इनोवेशन एंड नेशनल ग्रोथ) नामक इस पहल के तहत छात्रों और शिक्षकों को साझा प्रयोगशालाओं, संयुक्त शोध और नवाचार गतिविधियों का सीधा लाभ मिलेगा।
रिसर्च और नवाचार में 600 करोड़ का बड़ा निवेश
संस्थान ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 600 करोड़ रुपये के प्रायोजित अनुसंधान एवं परामर्श प्रोजेक्ट्स संचालित किए हैं। आंकड़ों की बात करें तो पिछले 10 वर्षों में संस्थान 4000 करोड़ रुपये के शोध कार्य कर चुका है। वर्तमान में आईआईटी दिल्ली के पोर्टफोलियो में 1871 बौद्धिक संपदाएं हैं, जिनमें 1756 पेटेंट शामिल हैं। पिछले एक साल में ही 196 नए पेटेंट दाखिल किए गए और 26 नए स्टार्टअप्स विकसित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें AI लोगों की नौकरी छीनने का जरिया नहीं बनना चाहिए, भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार की बड़ी चेतावनी
छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और करियर के लिए खास पहल
दीक्षांत समारोह के साथ-साथ संस्थान की नई पहलों की भी चर्चा है। छात्रों को बेहतर करियर दिलाने के लिए ‘प्लेसमेंट मेंटरशिप प्रोग्राम’ शुरू किया गया है, जहाँ अनुभवी छात्र अपने जूनियर्स को रिज्यूमे तैयार करने और इंटरव्यू के लिए प्रशिक्षित करेंगे। वहीं, प्लेसमेंट के दौरान होने वाले मानसिक दबाव को कम करने के लिए ‘कॉल फॉर ए फ्रेंड’ कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसमें प्रशिक्षित स्वयंसेवक छात्रों को मनोवैज्ञानिक सहयोग प्रदान करेंगे।
यह दीक्षांत समारोह न केवल डिग्रियां बांटने का अवसर है, बल्कि यह भारत के ‘विकसित भारत’ के संकल्प की ओर एक मजबूत कदम है।
