दिल्ली में मध्य प्रदेश के नेताओं की बढ़ी सक्रियता, PM और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकातों ने बढ़ाई सियासी चर्चा
MP Politics : दिल्ली में वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव और कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्रीय मंत्रियों से बैठक कर राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
पीएम मोदी से मिलते वीडी शर्मा और नितिन नबीन से मिलते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
MP BJP Leaders Delhi Meeting: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों मध्य प्रदेश की राजनीति से जुड़े नेताओं की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता लगातार दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। इन बैठकों को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, नेताओं की ओर से इन मुलाकातों को शिष्टाचार भेंट और विकास संबंधी चर्चा बताया जा रहा है।
खजुराहो से सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को बुंदेलखंड के पन्ना जिले के प्रसिद्ध भगवान श्री जुगल किशोर जी का प्रसाद भी भेंट किया। मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्रियों से की चर्चा
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर मध्य प्रदेश से जुड़े विकास कार्यों, परियोजनाओं और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की। साथ ही पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात की। सरकार की ओर से इन बैठकों को राज्य के विकास से जुड़ा बताया गया।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.50 करोड़ के 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक
ना-ना करते प्यार तुम्हीं से कर बैठे… PM मोदी से मिले सुखबीर सिंह बादल, तो अरविंद केजरीवाल ने कसा तंज
सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना की लड़ाई के बीच PM मोदी से मिले एकनाथ शिंदे, जानिए दोनों के बीच क्या हुई बात
खंडवा : हॉस्टल के खाने में मिले इल्ली और कीड़े, भोजन की थाली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, कार्रवाई की मांग
अमित शाह से मिले कैलाश विजयवर्गीय
इससे पहले प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। यह बैठक भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी गई। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.50 करोड़ के 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक
सियासी अटकलें तेज
लगातार हो रही इन बैठकों के बाद राजनीतिक विश्लेषकों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के संभावित पुनर्गठन, संगठनात्मक फेरबदल और भविष्य में केंद्र सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार जैसे मुद्दों पर भी चर्चाएं हो सकती हैं। हालांकि, इन संभावनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल भाजपा नेताओं की दिल्ली में बढ़ी सक्रियता को आने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों से जोड़कर देखा जा रहा है।
