गाजियाबाद-दिल्ली रूट पर मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनें प्रभावित और 16 रद्द, टला बड़ा रेल हादसा
Goods Train Derailed: गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के कारण 16 ट्रेनें रद्द और 24 के रूट बदले गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
मालगाड़ी डिरेल, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Ghaziabad Delhi Route Goods Train Derailed: दिल्ली से सटे गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। सुबह के व्यस्त समय में एक सामान से लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे इस व्यस्त रूट पर रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
कब हुआ हादसा?
यह हादसा मंगलवार की सुबह को हुआ। दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली सेक्शन के बीच से गुजर रही एक मालगाड़ी के 6 डिब्बे अचानक पटरी से नीचे उतर गए। हादसे की भयावहता को देखते हुए रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू करवाया।
50 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित, 16 रद्द
इस हादसे का सबसे बड़ा असर रेल परिचालन पर पड़ा है। रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 53 ट्रेनों का संचालन इस घटना से प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 16 पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, मार्ग बाधित होने के कारण 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
चंद्रपुर और बल्लारशाह रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, 77.60 करोड़ की विकास परियोजनाएं जारी
नई हाइड्रोजन ट्रेन पर पथराव का सच आया सामने, वायरल Video पर रेलवे ने किया बड़ा खुलासा
मध्य रेलवे के निलजे स्टेशन पर विशेष ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित; देखें रीशेड्यूल ट्रेनों की लिस्ट
मुंबई लोकल बनी अखाड़ा, सीटों पर चढ़कर युवक को बेरहमी से पीटा, सामने आया रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
इतना ही नहीं, 5 पैसेंजर ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया है। वहीं, आनंद विहार की ओर आने वाली 8 ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के विभिन्न स्टेशनों पर रोककर रेगुलेट किया जा रहा है। पटरी बाधित होने के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
KIND ATTENTION PASSENGERS ! Due to derailment of a goods train between Ghaziabad & New Delhi today:
Trains have been Cancelled / Diverted / Partially Cancelled / Regulated. Passengers are advised to visit the NTES App or dial Rail Madad Helpline No. 139 for updated… pic.twitter.com/rOT03C7TfA — Northern Railway (@RailwayNorthern) July 21, 2026
ट्रैक की बहाली का कार्य जारी
रेलवे की तकनीकी टीमें और इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और ट्रैककी मरम्मत के साथ उसे खाली करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेल अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता जल्द से जल्द यातायात को सामान्य करना है। हालांकि, रूट पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है।
यह भी पढ़ें:- फिर शंभू बॉर्डर पहुंचा किसानों का जत्था, महापंचायत के लिए दिल्ली कूच की तैयारी; भारी संख्या में पुलिस तैनात
बिलासपुर में भी हुई थी ऐसी ही घटना
बीते सोमवार को भी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए थे। वह दुर्घटना बिलासपुर-कटनी रेल खंड की डाउन लाइन पर हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेल सुरक्षा और पटरियों के रखरखाव पर ध्यान केंद्रित कर दिया है।
