मुंबई लोकल बनी अखाड़ा, सीटों पर चढ़कर युवक को बेरहमी से पीटा, सामने आया रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
Borivali Dahisar Train Fight Video: मुंबई लोकल ट्रेन में सीटों पर चढ़कर युवक को बेरहमी से पीटा गया। घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है।
- Written By: गोरक्ष पोफली
लाकल ट्रेन में मारपीट का वायरल वीडियो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Local Train Viral Video: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली ‘मुंबई लोकल’ आजकल अपनी रफ्तार के लिए नहीं, बल्कि कोच के भीतर होने वाली खौफनाक हिंसा के लिए चर्चा में है। सपनों के शहर की इस धड़कन में अब यात्रियों का सफर सुरक्षित नहीं रह गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा विचलित करने वाला वीडियो वायरल हुआ है, जिसने रेलवे सुरक्षा और मुंबई की उपनगरीय रेल प्रणाली में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार, यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना वेस्टर्न रेलवे की एक लोकल ट्रेन में घटी। बताया जा रहा है कि यह विवाद बोरीवली और दहिसर स्टेशनों के बीच उस समय हुआ जब ट्रेन खचाखच भरी हुई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे 10-12 युवकों के एक समूह ने मिलकर एक अकेले युवक को अपना निशाना बनाया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
सीटों पर चढ़कर बरसाईं लातें
इस हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावर युवक कानून और इंसानियत दोनों का खौफ भूल चुके थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावरों ने ट्रेन के हैंड्रिल्स को पकड़कर और सीटों पर चढ़कर नीचे गिरे युवक पर लात और घूंसों की बरसात कर दी। यात्रियों से भरी ट्रेन में इस तरह की स्थिति देखकर अन्य यात्री सहमे हुए नजर आए। इस हमले में शिकार हुए युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बर्बरता के पीछे मुख्य कारण क्या था।
सम्बंधित ख़बरें
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा ऐलान: मराठी भाषा संरक्षण की कार्ययोजना, लंदन में बनेगा विश्व मराठी केंद्र
Navabharat Nishanebaaz: अदालत में मामला काफी गंभीर, क्या ताजमहल था शिव मंदिर ?
पुणे मनपा सुरक्षा पर बवाल: आयुक्त बोले- जनप्रतिनिधियों की सिफारिश से हुई गार्डों की भर्ती
नागपुर DPC का बड़ा फैसला: शहर और ग्रामीण इलाकों के लिए अब होंगी स्वतंत्र बैठकें, पालक मंत्री ने दिए निर्देश
मुंबई लोकल में गुंडागर्दी!
अंधेरी-विरार लोकल में 10-12 युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। घायल युवक निजी अस्पताल में भर्ती है, जबकि मारपीट की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी। #MumbaiLocal #WesternRailway pic.twitter.com/FF3hBxrXYS — Goraksha Pophlee (@PophleeGor51025) July 20, 2026
आखिर कब तक सहेगी मुंबई?
मुंबई लोकल में हिंसा अब एक न्यू नॉर्मल बनती जा रही है, जो कि समाज और प्रशासन दोनों के लिए खतरे की घंटी है। अभी कल ही दो तृतीयपंथियों द्वारा एक युवक को बुरी तरह पीटने की खबर सामने आई थी और आज इस सामूहिक हमले के वीडियो ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। खचाखच भरी ट्रेनों में छोटी-छोटी बातों पर शुरू होने वाला विवाद अब जानलेवा हमलों में तब्दील हो रहा है।
यह भी पढ़ें: आंदोलन का श्रेय केवल CJI सूर्यकांत को जाता है, संजय राउत ने कसा तंज, बोले- मुर्दों को जिंदा करने के लिए आभार
प्रशासनिक विफलता और यात्रियों का डर
भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी जिस तरह से सरेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं, वह चिंताजनक है। यात्रियों का कहना है कि पीक ऑवर्स में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती न के बराबर होती है, जिसका नतीजा इस तरह की हिंसक वारदातों के रूप में सामने आता है। यह वीडियो न केवल एक हमले का सबूत है, बल्कि यह मुंबई लोकल में सफर करने वाले लाखों लोगों के मन में घर कर रहे डर का भी प्रतीक है।
अगर समय रहते जीआरपी और आरपीएफ ने इन असामाजिक तत्वों पर नकेल नहीं कसी, तो वह दिन दूर नहीं जब आम आदमी लोकल ट्रेन में चढ़ने से भी कतराने लगेगा। क्या प्रशासन इस रेड अलर्ट को गंभीरता से लेगा, या फिर एक और वायरल वीडियो का इंतजार किया जाएगा? फिलहाल, घायल युवक अस्पताल में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन यात्रियों के जेहन में यह सवाल बरकरार है कि क्या वे कल सुरक्षित घर वापस लौट पाएंगे?
