
जनरल मनोज पांडे (सौजन्यः सोशल मीडिया)
नई दिल्लीः भारतीय थल सेना के प्रमुख जनरल मनोज पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। जनरल मनोज पांडे 31 मई को रिटायर होने वाले थे। रक्षा मंत्रालय ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पांडे के कार्यकाल को एक महीने बढ़ा दिया है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि रविवार (26 मई) को कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के लिए सेवा में एक महीने के विस्तार को मंजूर कर लिया है। वह 31 मई, 2024 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब जनरल पांडे 30 जून, 2024 तक सेवा देंगे। मनोज पांडे 30 अप्रैल 2022 को अपनी नियुक्ति के बाद से सेना प्रमुख के पद पर हैं।
रक्षा मंत्रालय ने जारी किया बयान?
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 26 मई, 2024 को सेना नियम 1954 के नियम 16 ए (4) के तहत सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे की सेवा में उनकी सामान्य सेवानिवृत्ति आयु (31 मई, 2024) से एक महीने की अवधि के लिए यानी 30 जून, 2024 तक विस्तार को मंजूरी दी है।”
जनरल पांडे दिसंबर 1982 में ‘कोर ऑफ इंजीनियर्स’ (द बॉम्बे सैपर्स) में शामिल हुए थे। वह अप्रैल 2022 में थल सेना की बागडोर संभालने से पहले ‘वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ’ के पद पर थे।






