Rapido ड्राइवर निकला 331 करोड़ का मालिक, झुग्गी में रहने वाले के पास कहां से आए पैसे? जानिए सबकुछ

Delhi में प्रवर्तन निदेशालय को एक बाइक टैक्सी ड्राइवर के बैंक खाते में 331 करोड़ रुपये मिले हैं। जांच में इसका लिंक अवैध ‘वनएक्सबेट’ (1xbet) सट्टेबाजी एप और उदयपुर की भव्य शादी से जुड़ा हुआ है।
ed raid on rapido driver
Rapido ड्राइवर निकला 331 करोड़ का मालिक, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Money Laundering Case: राजधानी दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अवैध सट्टेबाजी ऐप 'वनएक्सबेट' से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच कर रही है। इसी जांच के दौरान ईडी के अफसरों को एक बाइक टैक्सी ड्राइवर के बैंक अकाउंट में सिर्फ 8 महीनों में 331 करोड़ रुपये से ज्यादा की जमा राशि का पता चला। जांच में पता चला कि यह ड्राइवर दिल्ली के एक साधारण से इलाके की झुग्गी में रहता है।

ईडी ने जब बाइक टैक्सी ड्राइवर के घर पर छापा मारा, तो जो सच्चाई सामने आई, वह हैरान करने वाली थी। ड्राइवर दिल्ली के एक साधारण से इलाके में दो कमरों की झुग्गी में रहता था और गुजारा करने के लिए दिनभर बाइक टैक्सी चलाता था। अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर के बैंक अकाउंट में 19 अगस्त 2024 से 16 अप्रैल 2025 के बीच, आठ महीने के कम समय में 331.36 करोड़ रुपये जमा हुए थे। करोड़ों रुपये के इस संदिग्ध ट्रांजैक्शन को देखते हुए ही एजेंसी ने जांच शुरू की थी।

'म्यूल अकाउंट' का क्लासिक मामला

ईडी की टीम ने तुरंत यह पता लगा लिया कि यह एक 'म्यूल' अकाउंट का एक क्लासिक मामला था, जिसका इस्तेमाल अवैध रकम ठिकाने लगाने के लिए किया जा रहा था। 'म्यूल अकाउंट' का उपयोग फाइनेंशियल क्राइम से कमाए गए गैर-कानूनी फंड को इधर-उधर करने के लिए किया जाता है, और इसका असली यूजर खाताधारक नहीं होता है। ऐसे अकाउंट नकली या कमीशन के बदले उधार लिए गए केवाईसी का उपयोग करके बनाए जाते हैं। ईडी ने पाया कि अकाउंट में कई अज्ञात सोर्स से बड़ी रकम जमा हुई और उन्हें तेजी से दूसरे संदिग्ध अकाउंट में भेज दिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस बैंक अकाउंट में भेजे गए फंड का एक सोर्स अवैध सट्टेबाजी से जुड़ा है।

उदयपुर की डेस्टिनेशन वेडिंग में खर्च हुए 1 करोड़ रुपये

ईडी ने जांच में पाया कि 331 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि में से, 1 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम राजस्थान की लेक सिटी उदयपुर के एक शानदार होटल में ‘ग्रैंड डेस्टिनेशन वेडिंग’ पर खर्च की गई थी। अधिकारियों के अनुसार, यह शादी गुजरात के एक युवा नेता से जुड़ी है, जिन्हें जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

टैक्सी ड्राइवर को कोई जानकारी नहीं

बाइक टैक्सी ड्राइवर ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसे न तो बैंक ट्रांजैक्शन के बारे में कुछ पता था और ना ही वह उस दूल्हा-दुल्हन या उनके परिवारों को पहचानता था, जिनकी शादी उसके अकाउंट में जमा फंड से हुई थी। ईडी को शक है कि ड्राइवर का बैंक अकाउंट एक ‘म्यूल प्लैटफॉर्म’ था। एजेंसी अब इस अकाउंट में हुए ट्रांजैक्शन के और सोर्स और डेस्टिनेशन को वेरिफाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:

जांच के दायरे में पूर्व क्रिकेटर भी

यह जांच अवैध सट्टेबाजी ऐप ‘वनएक्सबेट’ से जुड़ी है। एजेंसी ने हाल ही में इसी जांच के तहत पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच की थी। साथ ही, ईडी ने कई दूसरे क्रिकेटरों और सेलिब्रिटी से भी पूछताछ की थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com