श्रेया घोषाल ने ‘चिकनी चमेली’ पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- गाने से शर्म नहीं, पर आगे सोच-समझकर करूंगी काम

Shreya Ghoshal Controversy: श्रेया घोषाल ने चिकनी चमेली को लेकर कहा कि अब वह महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने वाले गाने रिकॉर्ड नहीं करेंगी। अग्निपथ का यह हिट ट्रैक आज भी लोकप्रिय है।
Shreya Ghoshal Statement On Chikni Chameli Bollywood Songs Raj Shamani Podcast
श्रेया घोषाल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shreya Ghoshal Statement On Chikni Chameli: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने अपने सुपरहिट गाने चिकनी चमेली को लेकर हाल ही में खुलकर बात की है। यह गाना 2012 में रिलीज हुई फिल्म अग्निपथ का हिस्सा था, जिस पर कटरीना कैफ ने दमदार डांस परफॉर्मेंस दी थी। सालों से यह गाना पार्टी और डांस फ्लोर की शान बना हुआ है, लेकिन अब श्रेया ने साफ कहा है कि वह भविष्य में इस तरह के गाने रिकॉर्ड नहीं करेंगी।

राज शमानी के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान श्रेया ने बताया कि ‘चिकनी चमेली’ के बाद उन्हें कई ऐसे गाने ऑफर हुए, जिनके बोल उन्हें महिलाओं को वस्तु की तरह दिखाने वाले लगे। उन्होंने खुलासा किया कि एक कंपोजर दोस्त ने उन्हें ऐसा गाना ऑफर किया था, जिसके बोल बेहद भद्दे और आपत्तिजनक थे। श्रेया ने कहा कि सिर्फ उन शब्दों के बारे में सोचकर ही उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई और उन्होंने तुरंत वह गाना ठुकरा दिया। उनका मानना है कि गाने के बोल बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और कलाकार की जिम्मेदारी है कि वह सोच-समझकर काम करे।

मैं इतनी परिपक्व नहीं थी

‘चिकनी चमेली’ को लेकर उन्होंने कहा कि उस समय वह हर लाइन का गहरा अर्थ नहीं समझ पाती थीं। उन्होंने माना कि वह इतनी परिपक्व नहीं थीं कि कुछ इशारों का पूरा मतलब समझ सकें। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह गाना सिर्फ एक मस्ती भरा नंबर नहीं है, बल्कि इसमें संगीत और प्रस्तुति की कला भी है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जब कोई गाना सुपरहिट हो जाता है, तो उसे कॉन्सर्ट में बार-बार गाना पड़ता है। कई बार बच्चों के सामने ऐसे गाने गाना उन्हें असहज कर देता है।

अब मैं वैसे गाने रिकॉर्ड नहीं करूंगी

ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रेया ने कहा कि उन्हें ‘चिकनी चमेली’ से शर्म नहीं है। उन्होंने इसे अपनाया है और परफॉर्म भी किया है। लेकिन अब वह ऐसे गाने रिकॉर्ड नहीं करेंगी जिनके बोल महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करते हों। उन्होंने कहा कि वह मेरा गाना है और मैं उससे खुद को अलग नहीं कर सकती, लेकिन अब मैं ज्यादा सजग हूं कि मैं क्या गा रही हूं।

नए प्रोजेक्ट और वर्ल्ड टूर

हाल ही में श्रेया ने ‘यहीं गुजार दूं’ गाने में अपनी आवाज दी है, जिसमें उनके साथ अमाल मलिक भी जुड़े हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने ‘द अनस्टॉपेबल वर्ल्ड टूर’ की घोषणा की है, जिसके तहत वह यूके, यूएसए, भारत और अबू धाबी में परफॉर्म करेंगी। श्रेया घोषाल का यह बयान दिखाता है कि एक कलाकार समय के साथ सीखता और बदलता है, और अपनी जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से समझने लगता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com