नए साल पर 148 फ्लाइट्स रद्द, ट्रेनें भी हो रहीं लेट, कोहरे के चलते यात्रियों में हाहाकार

IGI Airport: दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे और जहरीली हवा ने कोहराम मचाया है। आईजीआई एयरपोर्ट पर 148 फ्लाइट्स रद्द हुईं और कम विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी सुस्त पड़ गई है।
delhi ncr dense fog pollution flights cancelled trains delayed news
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Updated on

148 Flight Cancelled:  नए साल के जश्न से पहले दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे और 'गंभीर' प्रदूषण की चादर में लिपटा है। बुधवार सुबह कम विजिबिलिटी के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर 148 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और दो को डायवर्ट किया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के निवासी इस समय घने कोहरे और खतरनाक वायु गुणवत्ता (AQI) के दोहरे संकट से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, क्योंकि बुधवार को कोहरा पिछले दिनों की तुलना में अधिक घना दर्ज किया गया। प्रतिकूल वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम की हवा की गति के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में ही थमे हुए हैं, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई है।

IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों का 'महा-संकट'

कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण कुल 148 उड़ानें रद्द की गईं। इनमें 70 प्रस्थान (Departure) और 78 आगमन (Arrival) शामिल हैं। सुबह के समय एयरपोर्ट पर सामान्य विजिबिलिटी महज 250 मीटर दर्ज की गई, जबकि रनवे पर यह 600 से 1000 मीटर के बीच रही। खराब दृश्यता के चलते दो उड़ानों को डायवर्ट भी करना पड़ा, जिससे हजारों यात्रियों का शेड्यूल बिगड़ गया।

ट्रेनों की देरी और यात्रियों का बढ़ता इंतजार

हवाई सफर के साथ-साथ रेल सेवाओं पर भी कोहरे का बुरा असर पड़ा है। उत्तर भारत से दिल्ली आने वाली और यहां से जाने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। नई दिल्ली और आनंद विहार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्री कड़ाके की ठंड के बीच घंटों अपनी ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।

इंडिगो की एडवाइजरी और आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

विमानन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कम विजिबिलिटी के कारण उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों पर उड़ानों में और देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। वहीं, एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में ही रहने की आशंका है, जिससे नए साल पर राहत मिलने की उम्मीद कम है।

Navbharat Live
navbharatlive.com