रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी का साउथ डेब्यू, वेलेंटाइन डे पर सामने आया ‘श्रीनिवासा मंगापुरम’ का फर्स्ट लुक

Srinivasa Mangapuram First Look: राशा थडानी ने तेलुगु फिल्म श्रीनिवासा मंगापुरम से साउथ डेब्यू किया है। वेलेंटाइन डे पर रिलीज फर्स्ट लुक में वह जया कृष्ण के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आईं।
Rasha Thadani has made her South debut with the Telugu film Srinivasa Mangapuram
राशा थडानी-जया कृष्ण (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rasha Thadani South Debut: रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी अब साउथ सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। बॉलीवुड में डेब्यू के बाद अब वह तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपनी नई पारी की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘श्रीनिवासा मंगापुरम’ का पहला पोस्टर रिलीज हो चुका है, जिसने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। फिल्म ‘श्रीनिवासा मंगापुरम’ में राशा थडानी के साथ जया कृष्ण घट्टामनेनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। जया कृष्ण, साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के भतीजे हैं और इस फिल्म के जरिए वह भी खास पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

‘श्रीनिवासा मंगापुरम’ के पोस्टर में राशा थडानी और जया कृष्ण को रोमांटिक अंदाज में एक-दूसरे के करीब दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर में राशा लैवेंडर रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। खुले बाल और सादगी भरा लुक उनके किरदार को एक खास आकर्षण दे रहा है। पोस्टर पर हैप्पी वेलेंटाइन डे लिखा हुआ है, जिससे साफ है कि फिल्म में रोमांस की गहरी झलक देखने को मिलेगी।

अजय भूपति का निर्देशन

इस फिल्म का निर्देशन अजय भूपति कर रहे हैं, जो पहले ‘आरएक्स 100’, ‘महा समुद्रम’ और ‘मंगलावरम’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ‘श्रीनिवासा मंगापुरम’ को एक्शन और रोमांस का बेहतरीन मिश्रण बताया जा रहा है। राशा इस फिल्म में ‘मंगा’ नाम का किरदार निभा रही हैं। पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि बस एक बार अपनी आंखें खोलकर देखो, मैं यहीं रहूंगी, इतनी पास कि तुम्हारी सांसों को महसूस कर सकूं- मंगा। उनके इस कैप्शन ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

बॉलीवुड से टॉलीवुड तक का सफर

राशा थडानी ने साल 2025 में फिल्म ‘आजाद’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन राशा की एक्टिंग की काफी सराहना हुई। खासकर फिल्म का गाना ‘ऊई अम्मा’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था और उनके डांस स्टेप्स को खूब पसंद किया गया था। ‘आजाद’ में उनके अपोजिट अजय देवगन के भांजे अमन नजर आए थे। अब तेलुगु सिनेमा में एंट्री के साथ राशा अपने करियर को नई दिशा देने जा रही हैं। इसके अलावा वह जल्द ही फिल्म ‘लइका लइकी’ में भी दिखाई देंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com