आज की ताजा खबर 18 अप्रैल LIVE: संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने पर आज भाजपा का पूरे देश में प्रदर्शन
Aaj Ki Taza Khabar LIVE: लोकसभा में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पारित नहीं हो सका। अब भाजपा पूरे देश में विरोध करने की तैयारी में है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
ब्रेकिंग न्यूज (कॉन्सेप्ट फोटो)
18 Apr 2026 08:20 AM (IST)
18 Apr 2026 08:20 AM (IST)पुणे एयरपोर्ट पर IAF विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद असर, कई एयरलाइंस की उड़ानें रद्द
पुणे एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना (IAF) के एक विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक, कई प्रमुख एयरलाइंस की दर्जनों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। जानकारी के अनुसार, इंडिगो की 31 आगमन और 34 प्रस्थान उड़ानें रद्द की गई हैं। एयर इंडिया की 3 आगमन और 3 प्रस्थान, स्पाइसजेट की 2 आगमन और 3 प्रस्थान, अकासा एयर की 2 आगमन और 3 प्रस्थान उड़ानें रद्द हुई हैं। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की 5 आगमन और 5 प्रस्थान उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
18 Apr 2026 07:44 AM (IST)
18 Apr 2026 07:44 AM (IST)दिल्ली की अदालत आज सोनिया गांधी के खिलाफ मतदाता सूची मामले की करेगी सुनवाई
भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले मतदाता सूची में कथित रूप से धोखाधड़ी से नाम दर्ज कराने के संबंध में सोनिया गांधी के खिलाफ दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर दिल्ली की एक अदालत शनिवार को सुनवाई करने वाली है। याचिकाकर्ता अपनी दलीलें पूरी कर चुका है, जबकि सोनिया गांधी की ओर से प्रस्तुत दलीलें अभी भी निर्णायक नहीं हैं। इससे पहले, 30 मार्च को, राउज एवेन्यू कोर्ट ने आंशिक सुनवाई के बाद मामले को स्थगित कर दिया था और बचाव पक्ष को अपनी दलीलें जारी रखने की अनुमति देने के लिए इसे 18 अप्रैल के लिए निर्धारित किया था।
18 Apr 2026 07:05 AM (IST)
18 Apr 2026 07:05 AM (IST)कोयंबटूर में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी पर्यटक वैन, 9 लोगों की मौत
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में बड़ा हादसा हो गया, जहां वालपराई की पहाड़ियों में एक पर्यटक वैन खतरनाक मोड़ पर संतुलन खोकर खाई में गिर गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, वैन घुमावदार पहाड़ी रास्ते से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
18 Apr 2026 07:03 AM (IST)
18 Apr 2026 07:03 AM (IST)टीएमसी की ओर से जारी वीडियो को लेकर हाई कोर्ट पहुंचे हुमायूं कबीर
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर ने शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने टीएमसी द्वारा जारी किए गए अपने वीडियो क्लिप की जांच की मांग की है। उन्होंने हाल ही में अपना अलग राजनीतिक दल बनाया है और विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वीडियो क्लिप में कबीर को एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करते हुए दिखाया और सुना गया, जिसमें वह आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक वोटों को भाजपा के पक्ष में बांटने के लिए 1000 करोड़ रुपए की डील की बात कर रहे थे।
18 Apr 2026 07:01 AM (IST)
18 Apr 2026 07:01 AM (IST)गुजरात में इस साल पीआईटी एनडीपीएस के तहत 21 गिरफ्तार, कार्रवाई तेज
गुजरात पुलिस ने मादक पदार्थों के मामलों में बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ निवारक हिरासत का इस्तेमाल तेज कर दिया है। शुक्रवार को अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम अधिनियम, 1988 (पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम) के तहत पांच और व्यक्तियों को गिरफ्तार कर राज्य भर की जेलों में भेज दिया गया है। इस नवीनतम कार्रवाई के साथ, 2026 के पहले चार महीनों में पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 21 हो गई है।
Breaking News Today LIVE: लोकसभा में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पारित नहीं हो सका। इसके बाद बीजेपी की महिला सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। पार्टी अब इस मुद्दे पर देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को बीजेपी की महिला सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर ‘कांग्रेस पार्टी हाय-हाय’ के नारे लगाए। इसके साथ ही बीजेपी ने शनिवार, 18 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिसमें एनडीए के सहयोगी दल भी शामिल होंगे।
महिला आरक्षण से जुड़े 131वें संविधान संशोधन बिल को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी। इस बिल पर कुल 528 वोट पड़े, जिसमें सरकार को पास कराने के लिए 352 वोट चाहिए थे, लेकिन इसके पक्ष में केवल 298 वोट ही मिल सके।
