पीएम मोदी, राहुल गांधी (Image- Social Media)
16 Apr 2026 01:10 PM (IST)
गौरव गोगोई ने कहा, हमने कानून मंत्री की बात सुनी, उनकी बातों से लग रहा था कि पहली बार सदन के अंदर महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है। ऐसा उन्होंने ढांचा बनाने की कोशिश की। आज से ही 3 साल पहले गृह मंत्री ने ऐसी ही बातें की थीं।अगर दोनों की बातें सुनेंगे तो 90% वही बातें हैं, जो आज कानून मंत्री ने कहीं। उस समय भी ऐसी ही बातें थीं। तब भी हमने यही कहा था कि हमारी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन इसे सरल कीजिए, ताकि जब पारित हो तभी लागू हो जाए। इसे परिसीमन के साथ न जोड़ें।
16 Apr 2026 12:30 PM (IST)
महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर संसद में आज से अहम चर्चा शुरू हो गई है। लोकसभा में इस मुद्दे पर 16 और 17 अप्रैल को चर्चा होगी, जिसके बाद मतदान कराया जाएगा। इस बिल पर कुल 18 घंटे चर्चा के लिए निर्धारित किए गए हैं और कल शाम 4 बजे वोटिंग हो सकती है।
16 Apr 2026 12:15 PM (IST)
महिला संशोधन विधेयक समेत तीन बिल को लोकसभा में बहस के लिए स्वीकार किया जाए या नहीं इसपर वोटिंग कराया गया। इसमें 333 सदस्यों ने हिस्सा लिया। 207 सांसदों ने इसके समर्थन में वोट किया, जबकि 126 सदस्यों ने इसके विरोध में मतदान किया।
16 Apr 2026 11:45 AM (IST)
लोकसभा में सपा सांसद अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया कि जनगणना के साथ जाति आधारित गणना भी होगी। अमित शाह ने कहा, 'मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं, क्योंकि यह मेरा ही विभाग है।' गृह मंत्री ने सदन में कहा, जनगणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जाति आधारित जनगणना को भी मंजूरी दी जा चुकी है.
16 Apr 2026 11:35 AM (IST)
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में पेश किए गए तीनों विधेयकों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये विधेयक संविधान को तोड़ने‑मरोड़ने की कोशिश हैं और इनका उद्देश्य लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करना है।
16 Apr 2026 11:25 AM (IST)
लोकसभा में तीनों विधेयकों को पेश कर दिया गया है, जिसके बाद विपक्ष ने विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “आप लोग बड़े उदार हैं, ज्यादा समय देने की बात कर रहे हैं, और हम भी इसका पूरी तरह जवाब देंगे। हमें कोई आपत्ति नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा संसदीय नियमों के अनुसार विपक्ष इस चरण में केवल तकनीकी आपत्तियां ही उठा सकता है।
16 Apr 2026 11:20 AM (IST)
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा विधेयक संसद में पेश किया। गृह मंत्री अमित शाह ने परिसीमन से जुड़ा विधेयक प्रस्तुत किया।
16 Apr 2026 11:13 AM (IST)
संसद के विशेष सत्र के बीच विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की एक अहम बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस की ओर से सागरिका घोष भी बैठक में मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में मौजूदा सत्र के दौरान सरकार की रणनीति का जवाब देने, विभिन्न विधेयकों पर साझा रुख तय करने और संसद में समन्वय मजबूत करने को लेकर चर्चा की जा रही है। विपक्षी दलों की कोशिश है कि प्रमुख मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी बात रखी जाए और सरकार को घेरा जाए।
16 Apr 2026 11:02 AM (IST)
संसद के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। संसद के विशेष सत्र में आज महिला आरक्षण कानून से जुड़े तीन महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक पेश किए जाने हैं। इन प्रस्तावों के तहत वर्ष 2029 से लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रावधान किया जाएगा।
16 Apr 2026 11:00 AM (IST)
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर संसद में चर्चा के बीच सरकार ने परिसीमन पर उठ रहे सवालों को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह तैयार है और सदन में व्यापक व सकारात्मक बहस होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने विचार रखेंगे, लेकिन मुख्य मुद्दा महिलाओं को 33% आरक्षण देना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण मिलने के बाद यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा और देश वैश्विक स्तर पर एक मिसाल पेश करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाएं सामान्य सीटों से भी चुनाव जीत सकती हैं, लेकिन आरक्षण लागू होने से उनकी भागीदारी और मजबूत होगी। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है और इससे किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा। उनके अनुसार, संसद में चर्चा के दौरान सभी तथ्यों को स्पष्ट कर दिया जाएगा।
16 Apr 2026 10:53 AM (IST)
महिला आरक्षण बिल पर संसद का विशेष सत्र थोड़ी ही देर में शुरू होने वाला है। लोकसभा में इस बिल पर चर्चा के लिए कुल 18 घंटे निर्धारित किए गए हैं, जिसमें कई प्रमुख नेता अपनी बात रखेंगे। लोकसभा में इस मुद्दे पर बोलने वाले प्रमुख सांसदों में अर्जुन राम मेघवाल, बांसुरी स्वराज, रक्षा खडसे, अपराजिता सारंगी और कंगना रनौत शामिल हैं। इन नेताओं के जरिए सरकार और पार्टी का पक्ष सदन में विस्तार से रखा जाएगा, जबकि विपक्ष भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देगा।
16 Apr 2026 10:51 AM (IST)
अखिलेश यादव ने कहा, महिला आरक्षण बिल भाजपा और उनके संगी-साथियों के नये धोखे का एक ऐसा ‘काला दस्तावेज़’ है, जो दरअसल ‘ख़ुफ़िया लोगों की गुप्त योजना’ है। जिसमें पिछड़े-दलित समाज की महिलाओं को हमेशा के लिए कमज़ोर करने की साज़िश है। उन्हें सच्चे जन प्रतिनिधित्व से वंचित रखने का चक्रव्यूह रचा जा रहा है। ये बिल वर्चस्ववादियों की हार की हताशा और उनकी नारी के प्रति शोषणकारी-दमनकारी सांमती सोच से जन्मा है। महिला आरक्षण बिल एक ‘जनविरोधी जुमले’ से अधिक कुछ और नहीं है।
16 Apr 2026 10:50 AM (IST)
महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष का विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस ने संसद में बिल पेश किए जाने का विरोध करते हुए नोटिस दिया है। संसद के विशेष सत्र पर राम गोपाल यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है और उस समय किसी ने इसका विरोध नहीं किया था। उनके अनुसार, अब सरकार द्वारा इसे दोबारा लाया जाना “बदनीयती” को दर्शाता है और उनकी पार्टी इसका समर्थन नहीं कर सकती।
Women Reservation Bill Live Updates: संसद के विशेष सत्र में आज महिला आरक्षण कानून से जुड़े तीन महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक पेश किए जाने हैं। इन प्रस्तावों के तहत वर्ष 2029 से लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रावधान किया जाएगा। इसी विषय पर चर्चा के लिए तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, लोकसभा की कुल सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक किया जा सकता है, जबकि वर्तमान में यह संख्या 543 है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 सीटें और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान रखा गया है। सीटों के अंतिम निर्धारण के लिए परिसीमन प्रक्रिया लागू की जाएगी। नए प्रावधानों के तहत लोकसभा की लगभग 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इन विधेयकों पर संसद में 18 अप्रैल तक विस्तृत चर्चा होने की संभावना है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें…