सुलझा असम-मेघालय के बीच 50 साल पुराना सीमा विवाद, अमित शाह की मौजूदगी में हुए MoU पर हस्ताक्षर

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि,यह हमारे लिए ऐतिहासिक दिन है।
aasam
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली:  पूर्वोत्तर के कई राज्यों के बीच सीमा विवाद का मसला लगातार उलझता रहता है। इन सबके बीच असम और मेघालय के (Assam-Meghalaya Border Dispute)  बीच चल रहा 50 वर्षों से चल रहे सिमा विवाद आज ख़त्म हो गया है।  दोनों राज्यों के बीच चल रहा यह विवाद आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (HM Amit Shah) की मौजूदगी में सुलझ गया है। गृहमंत्री के मौजूदगी में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस ऐतिहासिक समझौते पर अपनी सहमति व्यक्त की।

बता दें कि, इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा (CM Hemant Biswa Sarma) और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा (CM Conrad Sangma) ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इस दौरान सीमा विवाद का हल निकालने के लिए करार किया गया है।

विवाद मुक्त पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, 'आज का दिन एक विवाद मुक्त पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन है। देश में जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब से पूर्वोत्तर की शांति प्रक्रिया, विकास, समृद्धि और यहां की सांस्कृतिक धरोहर के संवर्धन के लिए अनेक वृहद प्रयास किए। '

उन्होंने आगे कहा कि, 'मुझे खुशी है कि आज विवाद की 12 जगहों में से 6 पर असम और मेघालय के बीच समझौता हुआ है। सीमा की लंबाई की दृष्टि से देखें तो लगभग 70% सीमा आज विवाद मुक्त हो गई है। मुझे भरोसा है कि बाकी की 6 जगहों को भी हम निकट भविष्य में सुलझा देंगे।'

6 विवादित जगहों का हल निकालने की पूरी कोशिश

 वहीं, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि,यह हमारे लिए ऐतिहासिक दिन है।  इस एमओयू के बाद हम दूसरे चरण का काम शुरू करेंगे और अगले 6-7 महीने में बाकी की 6 विवादित जगहों का हल निकालने की पूरी कोशिश करेंगे। हम पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश में विकास का इंजन बनाने की दिशा में काम करेंगे।

उन्होंने आगे कहा, केंद्रीय गृहमंत्री ने असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा विवादों को सुलझाने का भी अनुरोध किया। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा, 'मैंने अरुणाचल प्रदेश के सीएम के साथ बैठक की, जहां हमने 122 विवादित बिंदुओं को निपटाने के लिए एक रोड मैप बनाया। वहीं, मिजोरम और नागालैंड के सीएम के साथ शुरुआती चर्चा शुरू हो गई है।

जबकि,  मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा कि, हम इसे आगे ले जाकर जिन बाकी जगहों पर विवाद है उन्हें हल करने कोशिश करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com